Police Commemoration Day 2021 : देश की रक्षा करते हुए अपनी जान न्यौछावर करने वाले पुलिस-अर्द्ध सैनिकबलों को किया याद
जम्मू जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने 21 अक्टूबर 2020 से 20 अक्टूबर 2021 के बीच देशभर में शहीद हुए 377 सुरक्षाकर्मियों के नाम पढ़े। शहादत पाने वालों में राज्य पुलिस के 17 जवान भी शामिल हैं।
जम्मू, जागरण संवाददाता : देश की रक्षा करते हुए अपनी जान न्यौछावर करने वाले पुलिस और अर्द्ध सैनिक बल के बलिदानी सुरक्षा कर्मियों को राष्ट्रीय पुलिस दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि दी गई। जम्मू में शहीदी दिवस का मुख्य कार्यक्रम गांधी नगर में पुलिस मुख्यालय स्थित गुलशन ग्राउंड में हुआ।
समारोह स्थल पर ही शहीदी स्मारक बना कर बलिदानी सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इससे पूर्व रेलवे स्टेशन के सामने बने पुलिस शहीदी स्मारक में अमर जोत के आगे शहीदों को नमन किया गया। शहीदी स्मारक को आज के दिन के लिए विशेष तौर पर सजा गया।
जम्मू जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने 21 अक्टूबर 2020 से 20 अक्टूबर 2021 के बीच देशभर में शहीद हुए 377 सुरक्षाकर्मियों के नाम पढ़े। शहादत पाने वालों में राज्य पुलिस के 17 जवान भी शामिल हैं। एडीजीपी मुकेश सिंह ने इस दौरान बलिदानी सुरक्षा बलों के नाम भी पढ़े। उन्होंने राष्ट्रीय पुलिस दिवस के महत्व और कारणों के बारे भी जानकारी दी। शहीदों को जवानों ने मार्चपास्ट कर सलामी दी। बलिदानियों की आत्म की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।
कार्यक्रम के अंत में ग्राउंड में बनाए गए शहीदी स्मारक पर लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पूर्व उप मुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता, मेयर चंद्र मोहन गुप्ता, भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राणा, डीडीसी चेयरमैन भारत भूषण बोदी, पूर्व डीजीपी एसपी वैद, मंडलायुक्त राघव लंगर, डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा, डीडीसी सदस्य तरणजीत सिंह टोनी के अलावा कई गणमान्य लोग व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
परिवार के सदस्य को खोना दर्दनाक : अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह का कहना है कि हम सब पुलिस कर्मी, अर्द्ध सैनिक बल और जम्मू की जनता एकत्रित हुई है ताकि जो देश की सुरक्षा और लोगों की जानमाल की रक्षा करते अपनी जान न्यौछावर करने वालों को श्रद्धांजलि दी जा सके। जम्मू पुलिस ऐसे परिवारों को सांत्वना देती है। परिवार के सदस्य को खोने का गम बहुत दर्दनाक होता है।