2nd Gulmarg Khelo India Winter Games: मेजबान जम्मू कश्मीर ओवरऑल चैंपियन बना, गुलमर्ग खेलो इंडिया विंटर गेम्स में जीते 34 पदक
युवा सेवा एवं खेल विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने जम्मू कश्मीर स्पोटर्स काउंसिल की मेजबानी से खुश होकर गुलमर्ग में अगले वर्ष भी लगातार तीसरी बार खेलाे इंडिया नेशनल विंटर गेम्स की मेजबानी मिलने का एलान किया।
जम्मू, जागरण संवाददाता। मेजबान जम्मू कश्मीर की टीम गुलमर्ग में संपन्न हुई दूसरी खेलो इंडिया नेशनल विंटर गेम्स में दमदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 34 पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। जम्मू कश्मीर की टीम ने सर्वाधिक 11 स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया।
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में गत 26 मार्च से आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेश के 1200 खिलाड़ियों ने विंटर गेम्स में दमखम दिखाया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर युवा, सेवा एवं खेल विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार मुख्य अतिथि थे। उन्होंने प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न वर्गों के पदक विजेताओं को पदक और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। जम्मू कश्मीर स्पोटर्स काउंसिल द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में मेजबान जम्मू कश्मीर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जम्मू कश्मीर की टीम ने 11 स्वर्ण, 18 रजत और पांच कांस्य पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में लक्षद्वीप, बिहार, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश की टीम अंक तालिका में खाता भी नहीं खोल सकीं।
जम्मू कश्मीर को लगातार तीसरी बार तीसरे खेलो इंडिया नेशनल विंटर गेम्स की मेजबानी मिली
युवा, सेवा एवं खेल विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने जम्मू कश्मीर स्पोटर्स काउंसिल की मेजबानी से खुश होकर गुलमर्ग में अगले वर्ष भी लगातार तीसरी बार खेलाे इंडिया नेशनल विंटर गेम्स की मेजबानी मिलने का एलान किया। उन्हाेंने कहा कि प्रतियोगिता में देश के कोने-कोने से भाग लेने आए खिलाड़ी मेजबानी से काफी खुश हैं। तमाम चुनौतियों के बावजूद मेजबानी में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। उन्होंने विभाग के सभी सदस्यों सहित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने प्रतियोगता के आयोजन में प्रमुख योगदान निभाने वाले प्रयोजकों को भी आभार जताया।
किसने कितने-कितने पदक जीते:
राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्वर्ण रजत कांस्य
जम्मू कश्मीर 11 18 5
उत्तराखंड 3 1 3
हिमाचल प्रदेश 2 2 4
महाराष्ट्र 3 3 2
आंध्र प्रदेश 1 1 2
दिल्ली 1 1 2
कर्नाटक 5 0 4
राजस्थान 0 0 2
लक्षद्वीप 0 0 0
चंडीगढ़ 0 0 2
बिहार 0 0 0
पंजाब 1 0 2
तमिलनाडु 0 0 0
उत्तर प्रदेश 0 0 2
ओडिशा 0 0 1
हरियाणा 0 1 3
मध्य प्रदेश 0 0 0
आर्मी एएससीबी 9 8 7
ऑल इंडिया पुलिस स्पोटर्स बोर्ड 0 1 0
लद्दाख 3 2 7