Jammu Kashmir : सीमा से आतंकियों के लिए भेजा हथियारों का जखीरा पकड़ा और एक किलो हेरोइन पकड़ी

अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास चार पिस्तौल एक किलो हेरोइन और पौने तीन लाख की जाली करंसी के अलावा अन्य सामान बरामद हुए। बीएसएफ के जवानों ने गश्त के दौरान इन सामान को जब्त किया। बरामद सामान सीमा पार से भेजे जाने की पूरी संभावना है।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 06:45 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 07:47 PM (IST)
Jammu Kashmir : सीमा से आतंकियों के लिए भेजा हथियारों का जखीरा पकड़ा और एक किलो हेरोइन पकड़ी
गुप्त सूचना के आधार पर बीएसएफ की 92 बटालियन के जवानों ने सीमा पर सर्च आपरेशन चलाया।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों तक हथियार पहुंचाने की एक बड़ी साजिश को सोमवार शाम को सीमा सुरक्षा बल के सर्तक जवानों ने नाकाम कर दिया। सीमा सुरक्षाबल की 92 बटालियन के जवानों ने जम्मू जिले के अखनूर के परगवाल में अंतराष्ट्रीय सीमा के करीब छिपाए गए हथियाराें के जखीरे को पकड़ लिया। इसमें 4 पिस्तौलें, इनकी आठ मैग्जीन, 100 गोलियों के अलावा करीब एक किलोग्राम हेरोइन व पैाने तीन लाख रुपये की नकली करंसी शामिल हैं।

सीमा सुरक्षा बल को इस बात की पुख्ता जानकारी मिली थी कि सीमा पार से आतंकवादियों के लिए हथियार भेजे गए हैं। सूचना मिलते ही सीमा सुरक्षा बल ने सोमवार की सुबह अखनूर व आसपास के इलाकों में अंतराष्ट्रीय सीमा को खंगालने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान छेड़ दिया। शाम चार बजे के करीब जवानों ने परगवाल में फैंसिंग के पार भारतीय क्षेत्र में सरकंडों में छिपाई गई बैग को जब किया, जिससे 4 पिस्तौलें, इनकी आठ मैग्जीन, 100 गोलियां, एक किलोग्राम हेरोइन और पैाने तीन लाख रुपये के नकली नोट मिले।

सीमा सुरक्षा बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जागरण को बताया कि सीमा पार से भेजे गए इन हथियारों को ओवर ग्राउंड वर्करों की मदद से आतंकवादियों तक पहुंचाने की साजिश थी। समय रहते सर्तक जवानों ने नाकाम कर दिया। इसके साथ सीमा पार रची साजिशों के बारे में खुफिया जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। सोमवार को खुफिया जानकारी के आधार पर बड़ी कामयाबी हासिल की गई। इसी बीच सीमा से हथियार बरामद करने के बाद सीमा सुरक्षाबल ने सीमांत इलाकों को खंगालने की अपनी मुहिम को जारी रखा है।

इसके साथ सीमा से सटे इलाकों में आतंकवादियों के लिए काम करने वाले संदिग्ध लोगों को भी तलाशा जा रहा है। सीमा पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंधों के कारण आतंकवादी घुसपैठ नहीं कर पा रहे हैं, ऐसे में इस समय पाकिस्तान ड्रोन, अन्य माध्यमों से हथियार भेजने की साजिशें रच रहा है। इन साजिशों को नकारने के लिए सीमा पर पहले से पक्के प्रबंध हैं।

आतंकियों की फंडिंग के लिए भेजी जाती है हेरोइन, नकली करंसी : पाकिस्तान जम्मू कश्मीर में आतंकियों की फंडिंग के लिए हेराेइन व नकली करंसी भेजी जाती है। दरअसर आतंकियों की फंडिंग के सभी द्वार सरकार ने बंद कर दिए हैं। इसके चलते आतंकी गतिविधियां चलाने में आतंकी संगठनों को काफी परेशानी आ रही है। इसलिए नारको टेररिज्म का सहारा लिया जा रहा है। सीमा पार से भेजी गई हेराेइन की तस्करी कर आतंकी फंड जुटाते हैं।

सीमा सुरक्षाबल के जवानों ने 30 अगस्त को भी अखनूर क्षेत्र में एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए सरकंडों में छिपाई गई दस किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार पकड़े जाने के डर से आतंकवादी व उनके ओवर ग्राउंड वर्कर नकली करंसी का इस्तेमाल नहीं करते हैं। नकली करंसी का इस्तेमाल देश को आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाने के लिए होता है।

chat bot
आपका साथी