Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर में हर्षोल्लास से मनाया गया खालसा पंथ का स्थापना दिवस

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में खालसा पंथ का स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। गुरुद्वारों में दीवान सजाए गए और रागी जत्थों ने शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया। मुख्य समारोह गुरुद्वारा यादगार श्री गुरु नानक देव जी चांद नगर जम्मू में आयोजित किया गया

By Vikas AbrolEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 07:01 PM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 07:01 PM (IST)
Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर में हर्षोल्लास से मनाया गया खालसा पंथ का स्थापना दिवस
गुरुद्वारों में दीवान सजाए गए और रागी जत्थों ने शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया।

जम्मू, राज्य ब्यूरो। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में खालसा पंथ का स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। गुरुद्वारों में दीवान सजाए गए और रागी जत्थों ने शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया। मुख्य समारोह गुरुद्वारा यादगार श्री गुरु नानक देव जी चांद नगर जम्मू में आयोजित किया गया जिसमें श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डालने के बाद रागी जत्थों ने शब्द कीर्तन किया।

गुरुद्वारा सिंह सभा नानक नगर, गुरुद्वारा बाबा फतेह सिंह गांधी नगर, गुरुद्वारा डिग्याना आश्रम, गुरुद्वारा श्री गुरु कल्गीधर रिहाड़ी, गुरुद्वारा टाली साहिब तालाब तिल्लो सहित अन्य गुरुद्वारों में सुबह सवेरे बढ़ी संख्या में संगत पहुंची और गुरु घर का आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारों में गुरु का लंगर भी अटूट बरता। रागी जत्थे भाई जगसीर, सरबजीत सिंह नूरपूरी, अमृत कृष्णपाल सिंह पटियाला वाले, सुरेंद्रपाल सिंह, रंजीत सिंह, जगतार सिंह, तरविंद्र सिंह ने शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया।

कश्मीर में मुख्य समारोह गुरुद्वारा छठी पातशाही श्रीनगर में आयोजित किया गया। बारामुला, त्राल, अनंतनाग के गुरुद्वारों में भी संगत माथा टेकने के लिए पहुंची। आल पार्टीज सिख कोआर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन जगमोहन सिंह रैना ने बैसाखी पर मुबारक बाद देते हुए यह भी अपील की थी कि समुदाय कोरोना की रोकथाम के लिए जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाए। इस बीच पूर्व एमएलसी चौधरी विक्रम रंधावा ने खालसा पंथ के स्थापना दिवस पर सिख समुदाय को मुबारक बाद देते हुए उम्मीद जताई कि यह दिन खुशियां लेकर आया है। सभी को मिलजुल कर राष्ट्र की तरक्की के लिए योगदान देना चाहिए। उन्होंने कुंजवानी व अन्य जगहों में गुरुद्वारों में जाकर गुरु घर का आशीर्वाद लिया।

chat bot
आपका साथी