फारूक बोले- पाकिस्तान के कारण जम्मू कश्मीर के दो हिस्से हुए

देश के बंटवारे के बाद महाराजा हरि सिंह तो अपनी रियासत को आजाद रखना चाहते थे। पाकिस्तान की बेवकूफी के कारण ही आज जम्मू कश्मीर के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 05:10 AM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 05:10 AM (IST)
फारूक बोले- पाकिस्तान के कारण जम्मू कश्मीर के दो हिस्से हुए
फारूक बोले- पाकिस्तान के कारण जम्मू कश्मीर के दो हिस्से हुए

संवाद सहयोगी, पुंछ: जम्मू कश्मीर की राजनीति में नेशनल कांफ्रेंस की प्रासंगिकता को बनाए रखने के लिए डा. फारूक अब्दुल्ला आए दिन नया सियासी शिगूफा छोड़ रहे हैं। पाकिस्तान का नाम लिए बिना उनका कोई भाषण पूरा नहीं होता। फारूक नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष हैं। सोमवार को वह यह तक कह गए कि पूर्ववर्ती जम्मू कश्मीर राज्य के दो हिस्से (जम्मू कश्मीर और लद्दाख) पाकिस्तान के कारण हुए हैं। देश के बंटवारे के बाद महाराजा हरि सिंह तो अपनी रियासत को आजाद रखना चाहते थे। पाकिस्तान की बेवकूफी के कारण ही आज जम्मू कश्मीर के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कश्मीर केंद्रित सियासत करने वाली नेशनल कांफ्रेंस जम्मू संभाग में बिखर रही है। इसके दिग्गज नेता भी साथ छोड़ रहे हैं। पार्टी की स्थिति को बचाने के लिए ही फारूक अब्दुल्ला वर्तमान में जम्मू संभाग के दौरे पर हैं। सोमवार को वह पुंछ जिले में थे। वहां उन्होंने मंडी और पुंछ शहर के सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनसभा की। इसमें फारूक ने पाकिस्तान को लेकर एक नया राग अलाप दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के साथ बेईमानी की। उसके कारण ही आज जम्मू कश्मीर राज्य दो भागों में बंट गया। वह बोले- वर्ष 1947 में देश के बंटवारे के बाद जम्मू कश्मीर के महाराजा हरि सिंह अपनी इस रियासत को आजाद रखना चाहते थे। भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में दूरियां कम करने के लिए जम्मू कश्मीर अहम पुल रहा है, लेकिन पाकिस्तान ने बेवकूफी की। उन्होंने कहा कि बंटवारे के बाद अगर पाकिस्तान जम्मू कश्मीर को हड़पने के लिए कबाइलियों का सहयोग लेते हुए हमला नहीं करता तो आज जम्मू कश्मीर के लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता और अनुच्छेद 370, 35ए जैसे मुद्दे सामने ही नहीं आते। उन्होंने कहा कि आतंक के दौरान राज्य के लोगों ने सबसे ज्यादा कुर्बानियां दी हैं। फारूक ने फिर कहा कि अगर हमारी सरकार आती है तो 370 और 35ए को जरूर वापस लाएंगे। पार्टी के कार्यकर्ताओं को इसके लिए काम करना होगा। लोगों को नेशनल कांफ्रेंस द्वारा किए गए कार्यो के बारे में बताना होगा।

chat bot
आपका साथी