नबी मुहम्मद साहब के जन्मदिन पर मुस्लिम भाइयों ने निकाले शांति जुलूस

आखिरी नबी मुहम्मद साहब के जन्मदिन को ईद के तौर पर मनाते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों में नमाज अदा कर राज्य में अमन, शांति और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Wed, 21 Nov 2018 04:43 PM (IST) Updated:Wed, 21 Nov 2018 04:43 PM (IST)
नबी मुहम्मद साहब के जन्मदिन पर मुस्लिम भाइयों ने निकाले शांति जुलूस
नबी मुहम्मद साहब के जन्मदिन पर मुस्लिम भाइयों ने निकाले शांति जुलूस

जम्मू, जेएनएन। जम्मू संभाग में आखिरी नबी मुहम्मद साहब के जन्मदिन को ईद के तौर पर मनाते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों में नमाज अदा कर राज्य में अमन, शांति और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। यही नहीं इसके बाद सभी जिलों के मुख्य बाजारों में शांति जुलूस निकाल समुदाय के लोगों ने पैगम्बर हजरत मुहम्मद के प्रेम और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर जम्मू शहर के तालाब खटिकां स्थित जामा मस्जिद, गुज्जर नगर के करबला मैदान, जानीपुर, उस्ताद मुहल्ला, सिद्धड़ा, तवी स्थित मस्जिद सहित शहर की सभी मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए सुबह बड़ी संख्या में समुदाय के लोग पहुंचे। ईद की नमाज अदा करने के बाद शहर में अलग-अलग शांति जुलूस भी निकाले गए। सरवाल से जानीपुर, लखदाता बाजार से तवी पुल, मक्का मस्जिद बठिंडी से सिद्घड़ा तक निकाले गए शांति जुलूस में समुदाय के लोगों ने ही नहीं बल्कि अन्य धर्मों के लोगों ने भी बढ़चढ़कर भाग लिया। इसी तरह जिला कठुआ, राजौरी आैर उधमपुर में भी ईद की नमाज पढ़ने के बाद जन-जन तक शांति का संदेश पहुंचाने के लिए जुलूस निकाले गए। समुदाय के लोगों जिनमें काफी संख्या में युवा भी शामिल थे, ने जुलूस में शामिल होकर एकता, भाइचारे का संदेश दिया। 

वहीं, ईदगाह मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से विशेष तौर पर आमंत्रित किए गए उलेमाओं ने मुस्लिम समुदाय को हजरत मुहम्मद के सिद्धांतों पर चलने का संदेश दिया। शहरभर में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने वाले मुस्लिम समुदाय का उत्साह देखते ही बनता था। 

इसी बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने भी ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर राज्यवासियों को बधाई दी। उन्होंने ईद के इस मौके पर राज्य में शांति, प्रगति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। डीजीपी ने कहा कि यह खुशी तथा आपसी भाईचारे का पर्व है। वह यही प्रार्थना करते हैं कि राज्य के लोग खासकर जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान, अधिकारियों तथा उनके परिवार के लिए यह पर्व प्रगति का एक संदेश लेकर आए।

chat bot
आपका साथी