Jammu : जम्मू-कश्मीर में 700 के पार हुए डेंगू के मामले, अभी थम नहीं रहा डेंगू का कहर

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक आए 754 मामलों में से सबसे अधिक 505 मामले जम्मू जिले के हैं। वहीं 123 मामले कठुआ जिले और साठ मामले सांबा जिले से आए हैं। साल 2014 के बाद पहली बार डेंगू के इतने मामले आए हैं।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Fri, 29 Oct 2021 08:37 PM (IST) Updated:Fri, 29 Oct 2021 08:37 PM (IST)
Jammu : जम्मू-कश्मीर में 700 के पार हुए डेंगू के मामले, अभी थम नहीं रहा डेंगू का कहर
अभी तक आए 754 मामलों में से सबसे अधिक 505 मामले जम्मू जिले के हैं।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : जम्मू-कश्मीर में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। प्रदेश में डेंगू से पीड़ित होने वालों की संख्या सात सौ के पार हो गई है। शुक्रवार को 55 और लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। इनमें अधिकांश लोगों ने जांच निजी लैब से करवाई हुई थी, इन्हें मिलाकर अब तक कुल मरीजों की संख्या 754 हो गई है। लगातार डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन परेशान भी है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक आए 754 मामलों में से सबसे अधिक 505 मामले जम्मू जिले के हैं। वहीं 123 मामले कठुआ जिले और साठ मामले सांबा जिले से आए हैं। साल 2014 के बाद पहली बार डेंगू के इतने मामले आए हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर महीने के दूसरे सप्ताह में मामले कम होना शुरू हो जाते हैं। इस बार अधिकांश मामले अक्टूबर महीने में ही आए हैं। सितंबर महीने के अंत तक सिर्फ 101 लोग ही डेंगू से पीड़ित हुए थे।

इस महीने अभी तक 653 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। स्टेट मलेरिया अधिकारी डा. बेलू शर्मा पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि डेंगू से बचाव के लिए लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। इस बार प्रभावित क्षेत्रों में जम्मू के सरवाल, रिहाड़ी, जानीपुर और कठुआ का गोविंदसर क्षेत्र शामिल हैं। अन्य क्षेत्रों में मामले कम आए हैं। ज्ञात रहे कि मच्छरो पर नियंत्रण के लिए आसपास जलजमाव नहीं होने देना चाहिए। मच्छरों से बचने के लिए पूरे बाजू के कपड़े और जूते जरूर पहनने चाहिए। बुखार होने पर तुरंत जांच करवाना चाहिए।

chat bot
आपका साथी