जम्मू में जलभराव से 1.60 करोड़ रुपये की सरकारी संपत्ति को नुकसान, सरकारी ढांचे की बहाली में जुटी सरकारी मशीनरी

जम्मू शहर में बरसी तबाही की बारिश से 1.60 करोड़ रुपये की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। सरकारी संपत्ति को बहाल करने के लिए सरकार ने कदमताल शुरू कर दी है। इतना ही नहीं लोगों की संपत्ति को पहुंचे नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है।

By Vikas AbrolEdited By: Publish:Wed, 14 Jul 2021 10:09 AM (IST) Updated:Wed, 14 Jul 2021 10:09 AM (IST)
जम्मू में जलभराव से 1.60 करोड़ रुपये की सरकारी संपत्ति को नुकसान, सरकारी ढांचे की बहाली में जुटी सरकारी मशीनरी
लोगों की संपत्ति को पहुंचे नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है।

जम्मू, जागरण संवाददाता : जम्मू शहर में बरसी तबाही की बारिश से 1.60 करोड़ रुपये की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। सरकारी संपत्ति को बहाल करने के लिए सरकार ने कदमताल शुरू कर दी है। इतना ही नहीं लोगों की संपत्ति को पहुंचे नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन ने सोमवार को बारिश और जलभराव से हुए नुकसान के आंकलन की प्राथमिक रिपेार्ट तैयार कर ली है। इसमें सोमवार को जम्मू जिलेमें 257 सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। अभी तक इसमें से 150 की बहाली कर ली गई है जबकि शेष पर कार्य जारी कर दिया गया है। इसके लिए प्रशासन ने अनुमानित 1.60 करोड़ रुपये की लागत तय की है। मंगलवार को 107 मरम्मत कार्याें में जिला प्रशासन के निर्देशों पर विभिन्न विभागों की टीमें जुटी रहीं। जल्द ही इन कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा।

वहीं प्राथमिक आंकलन सूची में शहर में एक कच्चा मकान पूरी तरह गिरा है जबकि पांच मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा कालिका कालोनी में दस पक्के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। शहर में दो टीन के शेड गिरने, 50 परिवारों के घरों का सामान बर्बाद हुआ, एक सुरक्षा दीवारी गिरी है। इतना ही नहीं गाड़ीगढ़ में एक पुल गिरा है। तीन चारदीवारी गिरीं हैं। एक नाले को भी नुकसान पहुंचा है। इस प्राथमिकता सूची के आधार पर प्रशासन लोगों की मदद के लिए कदम बढ़ा रहा है।

डिप्टी कमिश्नर जम्मू अंशुल गर्ग का कहना है कि प्रशासन ने सरकारी ढांचे की बहाली का कार्य शुरू कर दिया है। प्राथमिक सूची तैयार कर संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाते हुए मरम्मत व बहाली कार्य तेज करने के निर्देश जारी किए गए हैं। विभिन्न विभागों की टीमें मंगलवार को भी इस कार्य में जुटी रहीं। लोगों की संपत्ति को हुए नुकसान का ब्यौरा तैयार किया जा रहा है।

प्रशासन की कोशिश रहेगी कि जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरे कर जिंदगी को पटरी पर ला दिया जाए। गौरतलब है कि जम्मू में सोमवार सुबह झमाझम बारिश होने के कारण शहर के अधिकतर निचले क्षेत्र जलमग्न हो गए थे। त्रिकुटा नगर एक्सटेंशन, अम्बेडकर नगर, नानक नगर के विभिन्न सेक्टर, डिग्याना, गंग्याल, तालाब तिल्लो, कालिका कालोनी, नरवाल समेत विभिन्न मुहल्लों में तीन से पांच फुट तक पानी घरों, गलियों में चढ़ गया था। लोगों के बिजली के उपकरण के अलावा घरों में पड़ा सामान बर्बाद हो गया था। सोमवार को 150.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई थी।  

chat bot
आपका साथी