Coronavirus: कोरोना महामारी में लोगों की मदद में जुटा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का समूचा कैडर

सेवा भारती ने शहर में लोगों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए तैयारी आयुर्वेदिक काढ़े के वितरण की प्रक्रिया भी कटड़ा और जम्मू रेलवे स्टेशन के अलावा अन्य स्थानों पर शुरु दी है। इसके अतिरिक्त संघ ने जम्मू जिले में भी विभिन्न स्थानों पर आइसोलेशन सेंटर बनाए हैं।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 10:54 AM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 10:54 AM (IST)
Coronavirus: कोरोना महामारी में लोगों की मदद में जुटा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का समूचा कैडर
संघ के स्वयंसेवक जिला कठुआ मुख्यालय में लगातार सक्रिय हैं।

जम्मू, जागरण संवाददाता: कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का समूचा कैडर प्रांत में सक्रिय हो गया है। संघ और सेवा भारती के कार्यकर्ता कोविड-19 से प्रभावित लोगों के लिए आक्सीजन के सिलेंडर से लेकर प्रभावितों के लिए भोजन तक की व्यवस्था में जुट गए हैं। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों में आक्सीजन की मांग को देखते हुए 106 आक्सीजन कंस्ट्रेटर विभिन्न स्थानों पर स्थापित करने के साथ सेवा भारती ने कश्मीर में श्रीनगर के बटमालु और जम्मू संभाग के राजौरी और भद्रवाह में तीन आइसोलेशन सेंटर तैयार कर दिए हैं। जगटी स्थित कश्मीरी हिंदू विस्थापितों की कालोनी में भी संघ के स्वयंसेवक काढ़े के वितरण के अलावा सैनिटाइजेशन के अभियान में जुटे हैं। आरएसएस के स्थानीय शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

संघ के अधिकारी के मुताबिक केवल जम्मू शहर में ही सेवा भारती संगठन अब पचास के करीब आक्सीजन के सिलेंडर जरूरतमंदों को उपलब्ध करवा चुका है। सेवा भारती ने शहर में लोगों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए तैयारी आयुर्वेदिक काढ़े के वितरण की प्रक्रिया भी कटड़ा और जम्मू रेलवे स्टेशन के अलावा अन्य स्थानों पर शुरु दी है। इसके अतिरिक्त संघ ने जम्मू जिले में भी विभिन्न स्थानों पर आइसोलेशन सेंटर बनाए हैं। ताकि जरूरतमंद लोगों को इनका उचित लाभ मिल सकें।

प्रशासनिक दृष्टि से राजौरी जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक कोरोना महामारी की रोकथाम और समाज की सहायता के लिए सक्रिय हो गए हैं। इसी कड़ी में स्वयंसेवक सुंदरबनी में घर-घर जाकर लोगों को कोरोना महामारी के प्रति जागरूक करते हुए और इससे बचाव के लिए काढ़े की सामग्री के पैकेटों का वितरण करते हुए काढ़े को तैयार करने की विधि भी समझा रहे हैं। इस दौरान स्वयंसेवक कोविड-19 से बचाव संबंधी सभी दिशा निर्देशों का पालन भी कर रहे हैं।

संघ के स्वयंसेवक जिला कठुआ मुख्यालय में लगातार सक्रिय हैं। आज भी कठुआ में स्वयंसेवकों ने तैयार आयुर्वेदिक काढ़े के वितरित का काम जारी रखा। स्वयंसेवकों ने इस अभियान में कोरोना योद्धाओं को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय पुलिस स्टेशन, फायर ब्रिगेड स्टेशन, रेलवे स्टेशन गोविंदसर, शहर के चैक-चैराहों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के अतिरिक्त आम लोगों को भी उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए काढ़ा पिलाया।

आरएसएस कार्यालय कठुआ में कोरोना संक्रमितों के लिए आक्सीजन के सिलेंडरों की व्यवस्था की गई है। कठुआ जिला संघ कार्यालय में जरूरतमंद मरीजों के लिए आक्सीजन के सिलेंडर उपलब्ध करवाएं जा रहे हैं। ऐसे लोगों के परिवार के सदस्यों को आक्सीजन का सिलेंडर उपलब्ध करवाते समय संघ कार्यालय में सिलेंडर के साथ लगने वाली किट, फ्लो पाइप आदि की भी जानकारी स्वयंसेवक दे रहे हैं।

chat bot
आपका साथी