Jammu : महंगाई के खिलाफ जम्मू में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
पार्टी के प्रदेश उपप्रधान और पूर्व मुख्यमंत्री रमण भल्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बैनर लहराते हुए मोदी सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने बैनर के साथ साथ एलपीजी के सिलेंडर भी पकड़े हुए थे। रमण भल्ला ने कहा कि इस समय महंगाई चरम पर पहुंच गई है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : पेट्रोल, डीजल के दाम में बढो़तरी, महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने रविवार को जम्मू शहर के बाहुफोर्ट इलाके में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश उपप्रधान और पूर्व मुख्यमंत्री रमण भल्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बैनर लहराते हुए मोदी सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने बैनर के साथ साथ एलपीजी के सिलेंडर भी पकड़े हुए थे। रमण भल्ला ने कहा कि इस समय महंगाई चरम पर पहुंच गई है। पेट्रोल के दाम प्रति लीटर एक सौ रुपये पार कर गए हैं। रसोई गैस का सिलेंडर बहुत मंहगा हो गया है।
उन्होंने कहा कि महंगाई के अलावा बेरोजगारी अहम मुद्दा है। युवा परेशान हैं। रोजगार के साधन नजर नहीं आ रहे हैं। कोरोना की चुनौतियों के बीच महंगाई ने आम जनता पर बोझ डाला है। केंद्र सरकार किसानों की सुध नहीं ले रही है। भल्ला ने कहा कि भाजपा लोगों की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रही है। देश की जनता कराह रही है, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार को कुछ नहीं दिखाई दे रहा है।
कांग्रेसियों ने कहा कि अच्छे दिन का सपना दिखाने वालों की हकीकत अब देश की जनता देख रही है। भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना होगा। जनता को अब भी सतर्क हो जाना चाहिए। झूठ के पुलिंदे से देश नहीं चलता है। भल्ला ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के पास देश चलाने की ठोस नीति नहीं है।
जब कच्च तेल की कीमत नहीं बढ़ रही है तो पेट्रोल-डीजल महंगा कैसे हो रहा है। पहले कांग्रेस के शासन काल में थोड़ा महंगा होने पर भाजपा सड़कों पर उतर आती थी, आज भाजपा के वैसे नेता और कार्यकर्ता चुप्पी क्यों साध रखे हैं। प्रदर्शनकारियों में रमाकांत, जितेंद्र चिब, दीवान चंद, गोपाल शर्मा, मंगत राम व अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।