देविका पुल पर पलटी कार, बाल-बाल बचा सीआइएसएफ का जवान
राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित देविका पुल के ऊपर गुजर रही एक कार असंतुलित होकर पुल के रेलिंग से टकरा कर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार राजस्थान के झुंझुनू निवासी सीआइएसफ का जवान धरमवीर पुत्र घीसाराम घायल हो गए।
विजयपुर, संवाद सहयोगी : जम्मू जिले के विजयपुर क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में सीआइएसएफ का एक जवान बाल-बाल बच गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित देविका पुल के ऊपर गुजर रही एक कार असंतुलित होकर पुल के रेलिंग से टकरा कर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार राजस्थान के झुंझुनू निवासी सीआइएसफ का जवान धरमवीर पुत्र घीसाराम घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उसे कार से निकाल कर विजयपुर इमरजेंसी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद धर्मवीर को छुट्टी दे दी गयी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त सीआइएसएफ का जवान धरमवीर कार से जम्मू एयरपोर्ट जा रहा था। इस दौरान कार अचानक बेकाबू हो गई वह देविका पुल पर ही पलट गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि कार तेज रफ्तार और तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुई।
छत से गिरकर किशोरी घायल : विजयपुर के गांव महाराजपुर में शुक्रवार को एक 15 वर्षीय किशोरी छत से गिर कर गंभीर रूप में घायल हो गई। घायल किशोरी पिंडी चाढ़का के रहने वाले रविंद्र चौधरी की पुत्री प्रिया चौधरी थी। प्रिया चौधरी अपने रिश्तेदारों के घर महाराजपुर में गई हुई थी। वह किसी काम से छत पर गई हुई थी। तभी वह संदिग्ध परिस्थितियों में छत से नीचे गिर गई। प्रिया को उपचार के लिए सीएचसी रामगढ़ अस्पताल में लाया गया, यहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं उसका उपचार चल रहा है।