पाकिस्तान रेंज बढ़ाकर रिहायशी इलाकों में दाग रहा गोले, सीमांत ग्रामीणों में दहशत

पाकिस्तानी सेना और आइएसआइ कश्मीर में हालात खराब करने के लिए आतंकियों की घुसपैठ कराना चाहते हैं। वहीं भारतीय सेना राजौरी से लेकर पुंछ तक एलओसी पर नजर रखे हुए है।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Mon, 17 Feb 2020 11:42 AM (IST) Updated:Mon, 17 Feb 2020 11:42 AM (IST)
पाकिस्तान रेंज बढ़ाकर रिहायशी इलाकों में दाग रहा गोले, सीमांत ग्रामीणों में दहशत
पाकिस्तान रेंज बढ़ाकर रिहायशी इलाकों में दाग रहा गोले, सीमांत ग्रामीणों में दहशत

जम्मू, जागरण संवाददाता। संघर्ष विराम उल्लंघन की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ रचने वाला पाकिस्तान भारतीय जवानों से बार-बार करारा जवाब मिलने के बाद भी बाज नहीं आ रहा है। नियंत्रण रेखा पर पुंछ के खड़ी करमाडा सेक्टर में पाक सेना ने भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों पर भारी गोलाबारी की। भारतीय सेना ने भी गोलाबारी का मुंह तोड़ जवाब दिया। बावजूद पाक सेना गोलाबारी करती रही। खड़ी करमाडा सेक्टर से सटे गांवों में दहशत का माहौल है। गोलाबारी में किसी प्रकार के नुकसान की जानकारी नहीं है।

जानकारी के अनुसार मौसम में धीरे-धीरे आ रहे बदलाव के चलते सरहद पार अधिक हलचल है। पाकिस्तानी सेना और आइएसआइ कश्मीर में हालात खराब करने के लिए आतंकियों की घुसपैठ कराना चाहते हैं। वहीं, भारतीय सेना राजौरी से लेकर पुंछ तक एलओसी पर नजर रखे हुए है। गत शाम 6:45 पुंछ के करमाडा सेक्टर पर पाक सेना ने पहले छोटे से गोलीबारी शुरू की। इसके बाद मोर्टार शेल भारतीय चौकियों पर दागे जाने लगे। भारतीय सेना के करारा जवाब मिलने के बाद भी गोलाबारी जारी रही।

आशंका है कि पाक सेना गोलाबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ करवा सकती है। सीमांत ग्रामीणों ने बताया कि पहले पाक सेना की ओर से हल्की गोलीबारी शुरू की जाती है। बाद में न जाने कब रिहायशी इलाकों में निशाना बनाने लगे। फिलहाल इस बार रिहायशी क्षेत्रों को निशाना नहीं बनाया गया। गौरतलब है कि पुलवाम हमले की पहली बरसी पर 14 फरवरी को पुंछ के शाहपुर किरनी सेक्टर में पाक सेना ने शाहपुर गांव में एक मस्जिद को निशाना बनाया था जिसमें एक नमाजी की मौत हो गई थी।

खेत से मिला मोर्टार शेल निष्क्रिय

उप जिला नौशहरा के सीमांत क्षेत्र चक्कर जरांला में खेत से मोर्टार शेल मिला। सेना के बम निरोधक दस्ते ने शेल को निष्क्रिय कर दिया। गिरधारी लाल के खेतों में स्थानीय लोगों ने मोर्टार शेल पड़ा देख सेना के जवानों को सूचित किया। जवान व अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मोर्टार शेल जिंदा देख सेना के जवानों ने खेत के आसपास लोगों की आवाजाही बंद कर बम निरोधक दस्ते को सूचित किया। बम निरोधक दस्ते ने खेत से मोर्टार शेल को उठाकर सुरक्षित क्षेत्र में ले जाकर इसे निष्क्रिय कर दिया। 

chat bot
आपका साथी