भारत बंद के दौरान कांग्रेसियों ने दी गिरफ्तारी

जेएनएन, जम्मू : पेट्रोल और डीजल की बढ़ रही कीमतों के खिलाफ भारत बंद का जम्मू में आंशिक

By JagranEdited By: Publish:Mon, 10 Sep 2018 07:15 PM (IST) Updated:Mon, 10 Sep 2018 07:15 PM (IST)
भारत बंद के दौरान कांग्रेसियों ने दी गिरफ्तारी
भारत बंद के दौरान कांग्रेसियों ने दी गिरफ्तारी

जेएनएन, जम्मू : पेट्रोल और डीजल की बढ़ रही कीमतों के खिलाफ भारत बंद का जम्मू में आंशिक असर रहा। बंद के दौरान कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जम्मू के विभिन्न क्षेत्रों में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर गिरफ्तारियां दीं। उन्होंने तवी पुल और सतवारी चौक को कुछ देर के लिए बंद कर दिया। इससे दोनों जगहों पर जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि सभी जगह बंद व प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे। वादी में कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने लालचौक स्थित पार्टी मुख्यालय से रैली निकाली।

कांग्रेस नेताओं ने जम्मू में सभी व्यापारिक संगठनों और ट्रांसपोर्ट यूनियनों को पेट्रोल और डीजल की बढ़ रही कीमतों के खिलाफ भारत बंद में शामिल होने का आह्वान किया था, लेकिन किसी ने भी बंद में भाग नहीं लिया। शहर में कुछ स्थानों पर मिनी बसें और बसें कम चलीं। शहर में व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले रहे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. शकील अहमद और पूर्व मंत्री रमन भल्ला की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सतवारी चौक में प्रदर्शन किया। इसमें प्रदेश कांग्रेस, जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस और प्रदेश सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेट्रोल व डीजल की कीमतों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल से 11 लाख करोड़ रुपये राजस्व कमाया है। इसका लाभ आम आदमी को नहीं मिल रहा है। उन्होंने पेट्रोल और डीजल को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के दायरे में लाने के लिए कहा। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जैसे ही बिक्रम चौक की ओर बढ़ना शुरू किया, उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस लॉन में लाने के बाद छोड़ दिया।

इससे पहले डॉ. शकील अहमद ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार आने के बाद कच्चे तेल के दामों में बहुत कमी आई, लेकिन केंद्र सरकार ने आम आदमी को इसका लाभ नहीं दिया। उन्होंने इस पर टैक्स बढ़ा दिया। आज देश में पेट्रोल व डीजल के दाम उच्चतम स्तर पर हैं। पूर्व मंत्री रमन भल्ला ने कहा कि जिस तरह पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी हो रही है, उसको देखकर लगता है कि जल्दी ही यह एक सौ रुपये तक पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल होने के नाते, उनका यह फर्ज बनता है कि लोगों की आवाज को उठाया जाए ताकि महंगाई की मार से लोगों को बचाया जा सके। शहरी इकाई के प्रधान विक्रम मल्होत्रा ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर पूर्व सांसद मदन लाल शर्मा, बलवान ¨सह, इंदू पवार, सुरेंद्र ¨सह ¨शगारी, शिव देव ¨सह, कांता भान, मनमोहन ¨सह, नम्रता शर्मा, वंदना, मंजीत ¨सह व सेवा दल के राजेश सडोत्रा सहित कई नेता मौजूद थे।

वादी में भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी के बीच प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि अच्छे दिनों का वादा कर भाजपा ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार ने गरीब लोगों का न केवल सुख चैन बल्कि मुंह का निवाला भी छीन लिया है।

----------------

तवी पुल को किया बंद

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुरेंद्र ¨सह शिंगारी के नेतृत्व में डोगरा चौक में प्रदर्शन किया। इसके बाद वह जुलूस की शक्ल में तवी पुल पर पहुंचे। उन्होंने तवी पुल की एक टयूब को कुछ देर के लिए बंद कर दिया। पुल पर करीब आधा घंटे तक कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार पेट्रो पदार्थो के बढ़ रहे दामों पर मौन बनी हुई है। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुल को खोला।

-----------

कई जगह जाम लगा रहा

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शनों के कारण जम्मू में कई जगहों पर जाम लगा रहा। सतवारी व तवी पुल पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। इससे लोगों को भी परेशानी हुई। सतवारी में जाम के दौरान एक एम्बुलेंस फंस गई। पुलिस ने कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सहायता से उसे निकाला और मेडिकल कॉलेज की ओर रवाना किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शनों के कारण कई रूट भी बदले गए थे।

----------------

chat bot
आपका साथी