Jammu Kashmir: ऑनलाइन ठगी मामले में एक और आरोपित कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार, युवक से 4.68 लाख ठगे

इस वर्ष अप्रैल माह में जम्मू की रहने वाली एक युवती प्रिया रैना ने साइबर सैल थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात लोगों ने उसे फोन पर संपर्क कर अंतर राष्ट्रीय कंपनी में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 4.68 लाख रुपये ठग लिए है।

By Vikas AbrolEdited By: Publish:Tue, 31 Aug 2021 09:54 PM (IST) Updated:Tue, 31 Aug 2021 10:01 PM (IST)
Jammu Kashmir: ऑनलाइन ठगी मामले में एक और आरोपित कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार, युवक से 4.68 लाख ठगे
अंतरराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 4.68 लाख रुपये ठग लिए है।

जम्मू, जागरण संवाददाता। करीब पांच लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में साइबर सैल जम्मू ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक और आरोपित मुकुल कुमार को गिरफ्तार किया है। बुधवार को पुलिस टीम आरोपित को लेकर जम्मू पहुंच जाएगी।

इससे पूर्व साइबर सैल ने ठगी के इसी मामले में कुरुक्षेत्र के रहने वाले दो युवकों अरुण कुमार और परवीन कुमार को गिरफ्तार किया था। इस मामले में अब यह तीसरी गिरफ्तारी है। इस वर्ष अप्रैल माह में जम्मू की रहने वाली एक युवती प्रिया रैना ने साइबर सैल थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात लोगों ने उसे फोन पर संपर्क कर अंतरराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 4.68 लाख रुपये ठग लिए है।

पैसे लेने के बाद आरोपितों ने ना तो उसे नौकरी दिलवाई और ना ही उसकी धनराशि को वापस लौटाई थी। मामले की जांच के दौरान साइबर सैल ने उन सभी बैंक खातों के बारे में पता लगाया जिनमें शिकायतकर्ता ने नौकरी दिलवाने के लिए रुपये जमा करवाए थे। इसके साथ उस मोबाइल फोन नंबर की काल डिटेल को भी खंगाला गया। जांच के दौरान यह पता चला कि ठगी का यह नेटवर्क कुरुक्षेत्र से चल रहा है।

जांच में सब से पहले अरुण कुमार का नाम आया। जिसे साइबर पुलिस ने कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार किया था। इसके बाद दूसरी गिरफ्तारी परवीन कुमार की हुई। उसे भी कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। अब तीसरी गिरफ्तारी मुकुल कुमार निवासी चक्रवर्ती मोहल्ला, कुरुक्षेत्र शहर से हुई है।

बीते रविवार को साइबर सैल जम्मू की एक टीम इंस्पेक्टर विक्रम शर्मा की देखरेख में जम्मू से कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुई थी। टीम को उस समय बड़ी कामयाबी मिली जब कुरुक्षेत्र के कृष्णा गेट पुलिस की मदद से मुकुल कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। मुकुल को गिरफ्तार करने के बाद उसे स्थानीय कोर्ट के समक्ष पेश कर उसकी मेडिकल जांच करवाई गई। कोर्ट से वारंट लेकर पुलिस टीम मुकुल को जम्मू लेकर रवाना हो गई। 

chat bot
आपका साथी