Jammu: कंटेनमेंट जोन बढ़ने से कॉरपाेरेटरों पर बढ़ने लगा दबाव, लोग सैनिटाइजेशन की कर रहे मांग

सकारात्मकता लाने के लिए जरूरी है कि निगम सैनिटाइजेशन के काम को बढ़ाए और लोगों को जागरुक भी करे। ऐसा हो नहीं रहा। सैनिटाइजेशन को रोकने की बातें की जा रही हैं। पिछले साल जैसे सैनिटाइजेशन हुई थी उससे भी ज्यादा काम किया जाना चाहिए।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 12:20 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 12:20 PM (IST)
Jammu: कंटेनमेंट जोन बढ़ने से कॉरपाेरेटरों पर बढ़ने लगा दबाव, लोग सैनिटाइजेशन की कर रहे मांग
लोग बेवजह घरों से बाहर न निकलें। मास्क पहने, बार-बार हाथ धोएं।

जम्मू, जागरण संवाददाता: कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों से कॉरपोरेटरों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं। लोग उनसे संपर्क कर सैनिटाइजेशन करने समेत अन्य मांगें कर रहे हैं। वहीं निगम सैनिटाइजेशन को अब तरजीह नहीं दे रहा। कॉरपोरेटरों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार कोरोना का प्रभाव ज्यादा दिख रहा है और लोग हताश होने लगे हैं। लिहाजा जम्मू नगर निगम को अपने दायित्व को समझते हुए सैनिटाइजेशन का काम दोगुने जोश के साथ शुरू करना चाहिए जबकि ऐसा हो नहीं रहा।

जम्मू नगर निगम में कांग्रेस के चीफ व्हिप एवं वार्ड नंबर 46 से कॉरपोरेटर द्वारका चौधरी का कहना है कि प्रीत नगर का कुछ इलाका कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। लोग सुबह से ही फोन करके सैनिटाइजेशन की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में निगम के हेल्थ आफिसर को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम को सक्रियता दिखानी चाहिए। यह समय है जब लोगों की आकांक्षाएं ज्यादा होती है। उनमें सकारात्मकता लाने के लिए जरूरी है कि निगम सैनिटाइजेशन के काम को बढ़ाए और लोगों को जागरुक भी करे। ऐसा हो नहीं रहा। सैनिटाइजेशन को रोकने की बातें की जा रही हैं। पिछले साल जैसे सैनिटाइजेशन हुई थी, उससे भी ज्यादा काम किया जाना चाहिए। इससे सफाई बनेगी और जमीन से कोरोना संक्रमण खत्म होने लगेगा।

वहीं मॉडल टाउन की कॉरपोरेटर इंद्रजीत कौर का कहना है कि वक्त की नजाकत को समझते हुए निगम प्रशासन को बिना देरी हरेक वार्ड में सैनिटाइजेशन करनी चाहिए। लोगों को सुविधाएं चाहिए। ऐसी विपदा की घड़ी में लोग जन प्रतिनिधियों से ज्यादा उम्मीद करते हैं। हम लोगों को तभी दे पाएंगे, जब निगम आगे बढे़गा। निगम प्रशासन को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

कॉरपोरेटर सुच्चा सिंह व अशोक सिंह का कहना है कि लोगों को दावे नहीं काम चाहिए। कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ लोगों को और ज्यादा उम्मीदें हैं कि कॉरपोरेटर उनकी मदद करेंगे। यहां ऐसा नहीं हो रहा। निगम को हरेक वार्ड के लिए विशेष टीमें बनानी चाहिए ताकि लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। निगम में भाजपा के चीफ व्हिप प्रमोद कपाही का कहना है कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सैनिटाइजेशन तो जरूरी है ही, लोगों में जागरुकता भी जरूरी है। लोग बेवजह घरों से बाहर न निकलें। मास्क पहने, बार-बार हाथ धोएं। 

chat bot
आपका साथी