Heritage Walk at Katra : हेरिटेज वॉक के दौरान ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू हुए प्रशासनिक अधिकारी

वॉक में शामिल कटड़ा वासियों ने मां वैष्णो देवी की यात्रा के प्रथम पड़ाव तथा ऐतिहासिक भूमिका मंदिर में जिला आयुक्त व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ माथा टेका और भूमिका मंदिर के पुजारी शुभम शर्मा से मंदिर के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त की।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 04:58 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 06:44 PM (IST)
Heritage Walk at Katra : हेरिटेज वॉक के दौरान ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू हुए प्रशासनिक अधिकारी
जिला प्रशासन ने बुधवार को कटड़ा में नो कार डे के उपलक्ष में हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया।

कटड़ा, संवाद सहयोगी : आधार शिविर कटड़ा के ऐतिहासिक मंदिर, धरोहर, प्राचीन सराय, दुकानों आदि का उचित विकास और विश्व भर से लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बुधवार को कटड़ा में नो कार डे के उपलक्ष में हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। इस हेरिटेज वॉक का शुभारंभ जिला आयुक्त रियासी चरणदीप सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों किया।

इस दौरान वॉक में शामिल कटड़ा वासियों ने मां वैष्णो देवी की यात्रा के प्रथम पड़ाव तथा ऐतिहासिक भूमिका मंदिर में जिला आयुक्त व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ माथा टेका और भूमिका मंदिर के पुजारी शुभम शर्मा से मंदिर के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके उपरांत ऐतिहासिक हंसाली गांव से होकर प्राचीन दर्शनी ड्योढ़ी, शालीमार पार्क, प्राची चिंतामणि मंदिर सराय, इतिहासिक रघुनाथ मंदिर, पौनावार मंदिर, प्राचीन दुकानों तथा ढाबे आदि का दौरा कर ऐतिहासिक जानकारी ली गई।

बताया गया कि किस तरह से करीब 50 वर्ष पूर्व श्रद्धालु जम्मू स्थित पुरमंडल से नगरोटा कोल कंडोली मंदिर आदि से होकर भूमिका मंदिर पहुंचते थे और वहां पर स्नान कर प्राचीन दर्शनी ड्योढ़ी से होते हुए सीधे मां वैष्णो देवी की यात्रा करते थे। इस मौके पर जिला आयुक्त रियासी चरणदीप सिंह ने कहा कि इस हेरिटेज वॉक के आयोजन का मुख्य मकसद ऐतिहासिक धरोहरों का उचित विकास करना है। ताकि श्रद्धालु मां वैष्णो देवी की ऐतिहासिक तथा धार्मिक यात्रा से रूबरू हो सकें और ऐतिहासिक धरोहरों व मंदिरों के भी दर्शन कर सकें।

प्रख्यात इतिहासकार पद्मश्री शिव निर्मोही इस मौके पर विशेष अतिथि थे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा उठाया गया कदम सराहनीय है, क्योंकि विश्व भर से मां वैष्णो देवी के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही अपनी पीढ़ियों को धार्मिक तथा ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है। वहीं कटड़ा होटल व रेस्तरां संघ के प्रधान राकेश वजीर ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की और कहा कि इससे निस्संदेह मां वैष्णो देवी की यात्रा और व्यापार में बढाेतरी होगी।

डोगरा फूड का उठाया लुत्फ : इतिहासकार शिव निर्मोही ने डीसी चरणदीप सिंह को खुद लिखी किताब उधमपुर संस्कृति व धरोहर भेंट की। हेरिटेज वॉक के दौरान जिला आयुक्त रियासी के साथ ही अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने डोगरा फूड का भी लुत्फ उठाया। इस मौके पर एसडीएम कटड़ा अभिषेक शर्मा, तहसीलदार अनिल चाढ़क, सहायक निदेशक पर्यटन विभाग अंबिका वाली, नगर पालिका अध्यक्ष विमल इंदु, नगर पालिका कटड़ा तथा केडीए सीईओ प्रीति शर्मा, एसपी कटड़ा अमित भसीन, एसडीपीओ कुलजीत सिंह, एसएचओ सुनील शर्मा के साथ ही हायर सेकेंडरी स्कूल कटड़ा के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, लोक भजन मंडली तथा श्रद्धालु आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी