जम्मू कश्मीर के कर्मचारियों का लगातार तीसरे साल होगा 10 लाख का दुर्घटना बीमा

व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा पालिसी के तहत ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी 346 रूपये के सालाना प्रीमियम में दस लाख रुपये का पर्सनल एक्सीडेंटल इंश्योरेंस देगी। यह पालिसी दो दिसंबर 2021 की मध्यरात्रि से लेकर 1 दिसंबर 2022 तक प्रभावी होगी।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 12:47 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 12:47 PM (IST)
जम्मू कश्मीर के कर्मचारियों का लगातार तीसरे साल होगा 10 लाख का दुर्घटना बीमा
प्रीमियम की राशि में कोई कमी पेशी होगी तो इसे अगले साल जुलाई के प्रीमियम में एडजस्ट कर लिया जाएगा।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : जम्मू कश्मीर के करीब साढ़े तीन लाख सरकारी कर्मचारियों, दैनिक वेतन भोगियों व कांट्रेक्ट पर नियुक्त कर्मचारियों का लगातार तीसरे साल ग्रुप पर्सनल एक्सीडेंटल इंश्योरेंस करने को सरकार ने मंजूरी दे दी है। व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा पालिसी के तहत ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी 346 रूपये के सालाना प्रीमियम में दस लाख रुपये का पर्सनल एक्सीडेंटल इंश्योरेंस देगी। यह पालिसी दो दिसंबर 2021 की मध्यरात्रि से लेकर 1 दिसंबर, 2022 तक प्रभावी होगी। इंश्योरेंस के तहत कवर किए जाने वाले कर्मचारियों में सार्वजनिक उपक्रमों, स्वायत्त इकाईयों, विश्व विद्यालयों के स्टाफ के साथ कांट्रेक्ट, एडहाक पर लगे कर्मचारी शामिल हैं।

सरकार ने साढ़े तीन लाख कर्मचारियों के बीमा की किश्त की अदायगी के लिए 12 करोड़ 10 लाख 9 हजार रुपये की एडवांस राशि निकालने के लिए मंजूरी दे दी है। यह राशि तीसरे साल के प्रीमियम के रूप में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी को दी जाएगी। सरकार ने यह स्पष्ट है कि प्रीमियम की राशि में कोई कमी पेशी होगी तो इसे अगले साल जुलाई के प्रीमियम में एडजस्ट कर लिया जाएगा।

वित्त विभाग की तरफ से जारी आदेश के तहत सरकार के सभी लेखा अधिकारी, सभी श्रेणियों के कर्मचारियों के दिसंबर माह के वेतन से आवश्यक रूपये से प्रीमियम के 346 रुपये काटेंगे। यह सारी राशि सरकार के खाते में जमा होगी। इसी तरह से स्वायत्त इकाईयाें, र्सावजनिक उपक्रमाें विवि के लेखा अधिकारी भी कर्मचारियों के वेतन से प्रीमियम काटकर इसे चालान के जरिए ट्रैजरी में पंद्रह जनवरी से पहले जमा करवाएंगे। प्रीमियम काटना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेवारी होगी। उन्हें सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी कर्मचारी ऐसा न हो जिसने प्रीमियम जमा न करवाया हो।

सरकार ने जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद सरकारी कर्मचारियों के लिए ग्रुप पर्सनल एक्सीडेंटल इंश्योरेंस करने की प्रक्रिया वर्ष 2019 में शुरू की थी। अब लगातार तीसरी बार ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी कर्मचारियों का बीमा करने जा रही है। सरकार ने कर्मचारियों का बीमा करने के लिए कंपनी के साथ तीन साल के लिए अनुबंध किया था।

chat bot
आपका साथी