कोविड डायरी: महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल और टीम की छह सदस्य कोरोना से ठीक हुईं

भारतीय महिला हॉकी की कप्तान रानी रामपाल और टीम की उनकी छह अन्य साथियों के साथ दो सहायक सदस्य बेंगलुरु में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में दो सप्ताह तक क्वारंटाइन में रहने के बाद कोविड-19 के संक्रमण से उबर गए हैं।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 07:02 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 07:02 PM (IST)
कोविड डायरी: महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल और टीम की छह सदस्य कोरोना से ठीक हुईं
महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल (एपी फोटो)

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय महिला हॉकी की कप्तान रानी रामपाल और टीम की उनकी छह अन्य साथियों के साथ दो सहायक सदस्य बेंगलुरु में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में दो सप्ताह तक क्वारंटाइन में रहने के बाद कोविड-19 के संक्रमण से उबर गए हैं।

रानी के अलावा सविता पूनिया, शर्मिला देवी, रजनी, नवजोत कौर, नवनीत कौर और सुशीला के साथ कोरोना वायरस के चपेट में आने वालों में टीम के वीडियो विश्लेषक अमृतप्रकाश और वैज्ञानिक सलाहकार वेन लोंबार्ड शामिल थे। इन सातों खिलाडि़यों को 10 दिनों के ब्रेक के बाद बेंगलुरु में राष्ट्रीय शिविर में भारतीय महिला हॉकी कोर ग्रुप की वापसी के बाद 24 अप्रैल को जांच में पॉजिटिव पाया गया था। उनमें हालांकि इस बीमारी के लक्षण नहीं दिख रहे थे।

रानी ने कहा, 'पिछले दो सप्ताहों के दौरान संदेशों / फोन कॉल के माध्यम से प्यार और मानसिक समर्थन के लिए आप सभी को धन्यवाद। मैं, टीम की मेरी साथी और सहयोगी कर्मचारी कोविड-19 से अब पूरी तरह उबर गए हैं। हमारी अच्छी देखभाल करने के लिए हॉकी इंडिया और साई को विशेष धन्यवाद।'

रानी ने देशवासियों से आग्रह किया कि वे इन कठिन समय में जरूरतमंदों की हर संभव मदद करें। उन्होंने कहा, 'इस बारे में जानकर बहुत दुख हो रहा कि इतने सारे लोग अपने प्रियजनों को खो रहे है, उन सब के लिए मैं प्रार्थना कर रही हूं। कृपया अपने निकट और प्रियजनों की जितना हो सके उतनी मदद करें। मिलकर इस महामारी से लड़ें। सुरक्षित रहें, मास्क पहनें और कोविड-19 से जुड़ी सभी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।'

भारत में अभ्यास सुरक्षित नहीं, क्रोएशिया बेहतर है : मौदगिल

नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक जाने वाली भारत की राइफल निशानेबाज अंजुम मौदगिल का कहना है कि कोरोना संकट से जूझ रहे भारत की बजाय क्रोएिशया में खेलों की तैयारी करना सुरक्षित होगा। ओलंपिक जाने वाला भारत का 15 सदस्यीय दल 11 मई को जगरेब रवाना होगा जहां से सीधे टोक्यो चला जाएगा। टोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू होंगे।

क्रोएशिया में निशानेबाज 20 मई से छह जून तक यूरोपीय चैंपियनशिप और 22 जून से तीन जुलाई तक विश्व कप में भाग लेंगे। मौदगिल ने कहा, 'भारत में अभ्यास करना सही नहीं है। मेरे पास 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस के लिए निजी अभ्यास रेंज नहीं है। मुझे दिल्ली या पुणे जाना होगा जो मौजूदा हालात में सुरक्षित नहीं है। क्रोएशिया मौजूदा हालात में भारत से कहीं बेहतर है और टीम के साथ रहने से भी आत्मविश्वास आता है। घर से तीन महीने दूर रहने में कोई परेशानी नहीं है।'

उन्होंने बताया कि भारतीय टीम क्रोएिशया पहुंचने के बाद सात दिन क्वारंटाइन में रहेगी। टीम 17 जुलाई को टोक्यो जाएगी। उन्होंने कहा, 'साई ने हमारे लिए चार्टर्ड उड़ान का इंतजाम किया और वहां बायो बबल भी बनाया है।' मौदगिल ने कहा कि लंबे कोरोना ब्रेक के बाद एक टीम के रूप में अभ्यास करने से निशानेबाजों का आत्मविश्वास बढे़गा।

मौदगिल ने कोरोना वायरस के टीके के दोनों डोज ले लिए हैं और सभी से टीके लगवाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, 'मैंने 31 मार्च को पहला डोज लिया जिसका इंतजाम पंजाब पुलिस ने किया था। दूसरा डोज गुरुवार को लिया जिसकी व्यवस्था एनआरएआइ ने की थी।'

chat bot
आपका साथी