Tokyo Olympics: भारतीय महिला हॉकी टीम को मिली जीत, क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार

भारतीय महिला हॉकी टीम ने शुक्रवार को टोक्यो में ओई हॉकी स्टेडियम नॉर्थ पिच पर आयरलैंड को 1-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत की महिला टीम का टोक्यो ओलिंपिक के हॉकी स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार हैं।

By TaniskEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 01:55 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 01:55 PM (IST)
Tokyo Olympics: भारतीय महिला हॉकी टीम को मिली जीत, क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार
भारतीय महिला हॉकी टीम को मिली जीत।

टोक्यो, एएनआइ। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शुक्रवार को टोक्यो में ओई हॉकी स्टेडियम नॉर्थ पिच पर आयरलैंड को 1-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत की महिला टीम का टोक्यो ओलिंपिक के हॉकी स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार हैं। इससे पहले, रानी रामपाल की अगुवाई वाली टीम को अपने पहले तीन ग्रुप-स्टेज मैच में हार का सामना करना पड़ा था।

भारत और आयरलैंड के बीच मैच के पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ और पहले 15 मिनट की समाप्ति के बाद, स्कोरलाइन 0-0 रही। दूसरे क्वार्टर में भी कहानी में कुछ बदलाव नहीं आया और हाफटाइम तक दोनों टीमों में से कोई गोल नहीं कर पाया। ऐसे में रानी रामपाल की अगुवाई टीम दबाव में दिखाई दे रही थी। तीसरे क्वार्टर में भी कोई गोल नहीं हुआ।

नवनीत कौर ने आखिरकार चौथे क्वार्टर में गोल किया

इसके बाद नवनीत कौर ने आखिरकार चौथे क्वार्टर में गोल किया और भारत को तीन मिनट शेष रहते हुए बढ़त दिला दी। अंत में भारतीय टीम 1-0 से जीत हासिल करने में सफल रही। भारत को शुरुआती से ही गोल के ढेर सारे मौके मिले। टीम के 14 पेनल्टी कार्नर मिले, लेकिन टीम एक भी पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलने में नाकाम रही, लेकिन कप्तान रानी रामपाल ने नवनीत के लिए अवसर पैदा किया और भारत को टोक्यो ओलिंपिक खेलों से जल्दी बाहर होने से बचा लिया। नवनीत गोल करने के लिए सही समय पर सही जगह मौजूद थीं।

क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार

इस जीत के साथ ही भारतीय टीम की क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार हैं। टीम को अब शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना अंतिम पूल ए मैच जीतना होगा। इसके अलावा उम्मीद करनी होगी कि आयरलैंड की टीम ग्रेट ब्रिटेन से हारेगी। ध्यान रहे कि प्रत्येक पूल से शीर्ष चार टीमें नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी।

chat bot
आपका साथी