Tokyo 2020: भारतीय हॉकी टीम ने जापान को हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

Tokyo Olympics 2020 भारतीय हॉकी टीम ने मेजबान जापान को हराकर इस मेगा इवेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने जापान को 5-3 से इस लीग मैच में हराया है और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 05:13 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 05:13 PM (IST)
Tokyo 2020: भारतीय हॉकी टीम ने जापान को हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
Hockey India ने टोक्यो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है (हॉकी इंडिया ट्विटर)

टोक्यो, आइएएनएस। Tokyo Olympics 2020 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार खेल जारी है। यहां खेले रहे टोक्यो ओलंपिक में ग्रुप चरण के पूल ए मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम ने मेजबान जापान को हराकर इस मेगा इवेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत ने जापान को 5-3 से हराया है। भारत की ओर से गुरजंत सिंह ने दो गोल किए जबकि हरमनप्रीत सिंह, शमशेर सिंह और नीलकांत शर्मा ने एक-एक गोल किए।

जापान की तरफ से केंटा तनाका, कोटा वातानाबे और काजुमा मुराता ने एक-एक गोल किए। भारत की तरफ से हरमनप्रीत ने पहले क्वार्टर में 13वें मिनट में गोल कर टीम को शुरूआत की बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में गुरजंत ने 17वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। हालांकि, जापान ने तुरंत वापसी की ओर तनाका ने 19वें मिनट में गोल कर बढ़त कम कर दी, लेकिन बढ़त भारत की जापान पर लगातार जारी रही।

हालांकि, इसके बाद वातानाबे ने तीसरे क्वार्टर में 33वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया, लेकिन फिर भारत की ओर से शमशेर ने एक मिनट बाद ही 34वें मिनट में गोल कर भारत को 3-2 की बढ़त दिला दी। नीलकांत ने फिर चौथे और अंतिम क्वार्टर में 51वें मिनट में गोल कर स्कोर 4-2 किया।

मैच के अंतिम मिनटों में गुरजंत ने 57 वें मिनट में एक और गोल कर भारत को 5-2 की बढ़त दिलाई। हालांकि, जापान ने भी अंत तक हार नहीं मानी और मुराता ने 59वें मिनट में गोल दाग स्कोर 5-3 कर दिया। निर्धारित समय तक जापान बढ़त हासिल नहीं कर सका और उसे हार का सामना करना पड़ा। इसी जीत के साथ भारती पुरुष हॉकी टीम ने टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल तक का रास्ता तय कर लिया है।

chat bot
आपका साथी