वंदना की हैट्रिक से भारत को मिली द.अफ्रीका पर जीत, इस टीम की हार से पूरा होगा क्वार्टर फाइनल का सपना

भारत ने शनिवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत हासिल की। एक बेहद ही कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में भारतीय टीम ने 4-3 से जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा। वंदना कटारिया ने इस मैच में तीन गोल किए और एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।

By Viplove KumarEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 11:11 AM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 11:11 AM (IST)
वंदना की हैट्रिक से भारत को मिली द.अफ्रीका पर जीत, इस टीम की हार से पूरा होगा क्वार्टर फाइनल का सपना
भारतीय महिला हॉकी टीम के खिलाड़ी- फोटो ट्विटर पेज

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोमांचक जीत हासिल की। एक बेहद ही कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में भारतीय टीम ने 4-3 से जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा। वंदना कटारिया ने इस मैच में तीन गोल किए और एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।

ओलिंपिक के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की करने के लिए भारत के सामने करो या मरो का मुकाबला था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत ही उसके अगले दौर का रास्ता बना सकता था और टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिखाया। मैच शुरू होने के साथ ही आक्रामक तेवर दिखाते हुए भारत की तरफ से 5वें मिनट में ही वंदना ने पहला गोल दाग दिया। हालांकि कि जवाबी हमला करते हुए विरोधी टीम ने स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया।

History has been made. 🇮🇳

Vandana Katariya scores the first-ever hat-trick for the Indian Women's Hockey Team in the Olympics. 💙#INDvRSA #IndiaKaGame #TeamIndia #Tokyo2020 #TokyoTogether #StrongerTogether #HockeyInvites #WeAreTeamIndia #Hockey pic.twitter.com/DPshZMj36I

— Hockey India (@TheHockeyIndia) July 31, 2021

पहले क्वार्टर में स्कोर बराबर रहने के बाद दूसरे क्वार्टर के खेल में वंदना ने भारत को एक बार फिर से बढ़त दिलाई। 17वें मिनट में गोल करते हुए इस खिलाड़ी ने स्कोर 2-1 कर दिया। 30वें मिनट में एरिन हंटर ने साउथ अफ्रीका के लिए दूसरा गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। दूसरे क्वार्टर में स्कोर 2-2 से बराबर रहा।

तीसरे क्वार्टर में नेहा ने 32वें मिनट में भारत के लिए गोल किया और टीम को 3-2 से आगे कर दिया। 9 मिनट बाद ही प्रोटियाज टीम ने हमला बोला और एक बार फिर स्कोर बराबरी पर आ गया। मैच के 49 मिनट में वंदना ने शानदार खेल दिखाया और मैच में तीसरा गोल कर भारत की बढ़त को 4-3 कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए बढ़त बनाए रखा और साउथ अफ्रीका को कोई गोल नहीं करने दिया।

आयरलैंड की हार या ड्रॉ पर नजर

अब आयरलैंड और ग्रेट ब्रिटेन के बीच खेले जाने वाले मुकाबले पर भारतीय टीम की नजर रहेगी। अगर आयरलैंड की टीम इस मैच में हार जाती है या फिर मुकाबला बराबर भी रहता है तो टीम इंडिया क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में कामयाब होगी। भारतीय फैंस अब आयरलैंड के हार की दुआ कर रहे हैं जिससे भारतीय महिलाएं देश के लिए एक पदक ला पाएं।  

chat bot
आपका साथी