छह कोरोना पॉजिटिव मामलों के बाद पुरुष हॉकी शिविर पर संदेह

आधा दर्जन खिलाड़ियों के कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद भारतीय पुरुष हॉकी खिलाडि़यों के बेंगलुरु में आगामी अभ्यास शिविर पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Tue, 11 Aug 2020 07:44 PM (IST) Updated:Tue, 11 Aug 2020 07:44 PM (IST)
छह कोरोना पॉजिटिव मामलों के बाद पुरुष हॉकी शिविर पर संदेह
छह कोरोना पॉजिटिव मामलों के बाद पुरुष हॉकी शिविर पर संदेह

नई दिल्ली, प्रेट्र। आधा दर्जन खिलाड़ियों के कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद भारतीय पुरुष हॉकी खिलाडि़यों के बेंगलुरु में आगामी अभ्यास शिविर पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं, जबकि महिलाएं अभ्यास शुरू कर सकती हैं, क्योंकि उन सभी को खतरनाक वायरस के लिए टेस्ट में निगेटिव पाया गया है।

भारतीय पुरुष टीम के छह खिलाड़ी कप्तान मनप्रीत सिंह, स्ट्राइकर मनदीप सिंह, डिफेंडर सुरेंदर कुमार व जसकरण सिंह ड्रैग फ्लिकर वरुण कुमार और गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को 20 अगस्त से शुरू होने वाले राष्ट्रीय शिविर के लिए बेंगलुरु पहुंचने पर पिछले हफ्ते कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया था। इनमें से मनदीप को खून में ऑक्सीजन का स्तर गिरने के बाद सोमवार को बेंगलुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। 25 साल के मनदीप ने भारत के लिए अब तक 129 मैचों में 60 गोल दागे हैं। वह 2018 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे।

साई के सूत्रों के अनुसार, 'छह पॉजिटिव परिणाम आने के बाद पुरुषों के शिविर पर संदेह है। राज्य सरकार की ओर से अन्य रिपोर्टो के आने का अभी इंतजार है। लेकिन, सभी महिला खिलाडि़यों के टेस्ट निगेटिव आने के बाद उनका शिविर जारी रहेगा। वे अभी 14 दिन की क्वारंटाइन अवधि में हैं और इसके खत्म होने के बाद शिविर शुरू होगा, जिसमें हल्का अभ्यास किया जाएगा।' अभी शिविर के लिए 33 पुरुष और 24 महिला खिलाड़ी बेंगलुरु में मौजूद हैं।

भारतीय खेल प्राधिकरण का कहना है कि '10 अगस्त की रात को जांच के दौरान पता चला कि मनदीप सिंह के खून में ऑक्सीजन का स्तर सामान्य से कम है जो इस बात का संकेत है कि वह कोविड के मामूली स्तर से औसत स्तर की ओर बढ़ रहे हैं। परिसर में मौजूद साई अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एहतियाती कदम के तौर पर उन्हें एसएस स्पर्श मल्टीस्पेशियेलिटी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।' 

chat bot
आपका साथी