फरार कैदी का सुराग लगाने के लिए नेपाल पुलिस से होगा संपर्क

पुलिस प्रशासन बनगढ़ जेल से फरार हुए कैदी को पकड़ने में अभी तक विफल रही है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 11:50 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 11:50 PM (IST)
फरार कैदी का सुराग लगाने के
लिए नेपाल पुलिस से होगा संपर्क
फरार कैदी का सुराग लगाने के लिए नेपाल पुलिस से होगा संपर्क

सतीश चंदन, ऊना

पुलिस प्रशासन बनगढ़ जेल से फरार हुए कैदी को पकड़ने में अभी तक विफल रही है। पुलिस अब फरार कैदी का सुराग लगाने के लिए नेपाल पुलिस से संपर्क करेगी। यदि नेपाल पुलिस के साथ ऊना पुलिस का तालमेल ठीक बैठता है तो पुलिस कैदी के घर तक पहुंच जाएगी। पुलिस टीमों ने बनगढ़, मैहतपुर से लेकर मनाली तक सर्च अभियान चलाया। इसके बावजूद फरार कैदी के संबंध में कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा है।

पुलिस प्रशासन के लिए कैदी को पकड़ना सिरदर्द बन चुका है। मैहतपुर पुलिस चौकी की टीम फरार कैदी को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास में जुटी है। हालांकि ऊना पुलिस के आला अधिकारियों की टीम ने भी बनगढ़ जेल में बंद कैदी के फरार होने को लेकर सारी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। फरार कैदी के काम करने की गतिविधियों की गहनता से पड़ताल की गई। कैदी ने जेल कर्मियों का विश्वास जीता और अंदरखाते वहां से फरार होने की योजना तैयार करता रहा। जेल वार्डन की मौजूदगी में उसने फूलों की क्यारियों में पानी डालने के कुछ क्षणों में ही जेल की कंटीली तारों में से छलांग लगा दी। जिस समय कैदी छलांग लगाकर घने जंगल की तरफ से भागा, उसी समय जेल वार्डन भी कैदी को पकड़ने के लिए पीछे छलांग लगा देते तो शायद वह तुरंत गिरफ्त में आ सकता था। हालांकि ऐसा कुछ नहीं हुआ और बाद में जेल कर्मी लकीर को पीटते रहे। जेल कर्मियों ने अपने स्तर पर कैदी को पकड़ने के लिए प्रयास भी किए लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। यदि कैदी के छलांग लगाने के बाद ही जेल कर्मी विभाग के आला अधिकारियों व पुलिस से संपर्क कर लेते तो शायद कैदी जिला की सीमा से बाहर जाने में कामयाब नहीं होता। कैदी इतना शातिर था कि उसने छलांग लगाने के साथ ही छिपने को लेकर पूरा खाका तैयार किया होगा। उसे तलाश करने के लिए जेल कर्मी व पुलिस कर्मियों ने जंगल में खूब खाक छानी लेकिन वह मिल नहीं पाया।

बनगढ़ जेल से फरार कैदी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। कैदी के संबंध में कोई अहम सुराग नहीं लग पाया है। अब पुलिस कैदी के संबंध में जल्द नेपाल पुलिस से संपर्क करके पूरी जानकारी शेयर करेगी। फरार कैदी यदि नेपाल में छिपा हुआ होगा तो उसे नेपाल पुलिस की मदद से ऊना लाया जा सकेगा।

-प्रवीण धीमान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ऊना

chat bot
आपका साथी