सड़क हादसों में दो पुलिसकर्मियों समेत चार घायल

जिले में तीन सड़क हादसों में दो पुलिसकर्मियों सहित चार लोग घायल हो गए>

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 09:21 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 09:21 PM (IST)
सड़क हादसों में दो पुलिसकर्मियों समेत चार घायल
सड़क हादसों में दो पुलिसकर्मियों समेत चार घायल

जागरण टीम, ऊना/अम्ब : जिले में तीन सड़क हादसों में दो पुलिसकर्मियों सहित चार लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऊना-मैहतपुर मार्ग पर रक्कड़ कालोनी शनिदेव मंदिर के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। घायलों की पहचान मुनीद्र कुमार व मंगत राम के रूप में हुई है। दोनों पुलिस चौकी पंडोगा में कार्यरत हैं और कहीं जा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी ने अस्पताल में पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का कुशलक्षेम पूछा।

उधर, उपमंडल बंगाणा के तहत जोगीपंगा गांव के पास कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे क्षेत्रीय अस्तपाल ऊना में भर्ती करवाया गया है। घायल की पहचान पुरुषोत्तम कुमार पुत्र जगत राम निवासी वार्ड एक अपर कोटला कलां के रूप में हुई है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि बंगाणा में जलशक्ति विभाग के कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत पुरुषोत्तम कुमार ड्यूटी के बाद बाइक पर घर जा रहा था। जोगीपंगा गांव के पास कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। कार चालक घायल की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे 108 एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया। सूचना मिलने पर बंगाणा पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना का जायजा लेने के बाद कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं, अम्ब में ऊना मार्ग पर सड़क हादसे में 24 वर्षीय बाइक सवार युवक घायल हो गया। उसकी पहचान साहिल खान पुत्र अकवर निवासी शिवपुर के रूप में हुई है। मंगलवार दोपहर बाद साहिल खान बाइक पर घुमारवीं जा रहा था। अम्ब-ऊना मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने विपरीत दिशा से आ रहा बाइक सवार व्यक्ति उसे टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। हादसे में घायल साहिल को सिविल अस्पताल अम्ब में भर्ती करवाया गया है। एसडीपीओ अम्ब इलमा अफरोज ने कहा कि पुलिस ने आरोपित बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पनोह गांव में सामान से लदा कैंटर सड़क पर पलटा

ऊना : जिला मुख्यालय से अम्ब की ओर से जाने वाले मुख्य मार्ग पर पड़ते पनोह गांव में सामान से लदा पंजाब नंबर का एक कैंटर पलट गया। चालक सुरक्षित है, लेकिन कैंटर क्षतिग्रस्त हो गया है। कैंटर पंजाब से धर्मशाला की तरफ जा रहा था। सूचना मिलने पर ऊना सदर पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी