पीर गौंस मंदिर सितंबर 2022 तक होगा तैयार

सितंबर 2022 तक भव्य पीर गौंस मंदिर बनकर तैयार होगा। पहले चरण में 5.07 करोड़ रुपये खर्च कर मंदिर बनाया जाएगा। दूसरे एवं तीसरे चरण में पर्यटकों के लिए अतिरिक्त सुविधाओं के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा जिसमें उन्हें यहां पर ठहरने व भोजन आदि की व्यवस्था भी होगी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 04:46 PM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 04:46 PM (IST)
पीर गौंस मंदिर सितंबर 2022 तक होगा तैयार
पीर गौंस मंदिर सितंबर 2022 तक होगा तैयार

जागरण संवाददाता, ऊना : सितंबर, 2022 तक भव्य पीर गौंस मंदिर बनकर तैयार होगा। पहले चरण में 5.07 करोड़ रुपये खर्च कर मंदिर बनाया जाएगा। दूसरे एवं तीसरे चरण में पर्यटकों के लिए अतिरिक्त सुविधाओं के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा जिसमें उन्हें यहां पर ठहरने व भोजन आदि की व्यवस्था भी होगी। यह बात बुधवार को पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने पीर गौंस दंगल का शुभारंभ करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि इस परिसर को भव्य एवं सुंदर बनाने के लिए मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। दूसरे और तीसरे चरण के लिए डीपीआर बनाने का कार्य प्रगति पर है और कार्य पूर्ण करने के लिए लगभग छह करोड़ रुपये का बजट प्रदान किया जाएगा। कुल 11 करोड़ रुपये मंदिर व इसके सुंदरीकरण के लिए खर्च किए जाएंगे।

कंवर ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते दो साल के बाद पीर गौंस में दंगल का आयोजन किया जा रहा है। दंगल और मेले हिमाचल की समृद्ध संस्कृति का प्रतीक हैं। हमें अपनी पौराणिक परंपराओं को संजोए रखने की आवश्यकता है।

पीर गौंस क्षेत्र कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र का प्रवेशद्वार है तथा यहां आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं जुटाई जाएंगी। पीर गौंस मंदिर परिसर में ईको पार्क भी बनाया जाएगा। यहां पर आने वाले समय में दुकानें, सराय, पार्किंग, तालाब की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही परिसर के सुंदरीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पीर गौंस मंदिर की आस्था दूर-दूर तक फैली है तथा उत्तर भारत के बहुत से पर्यटक व श्रद्धालु यहां घूमने और मंदिरों के दर्शन के लिए आते हैं। विशेष रूप से पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा से आने वाले लोगों की संख्या अधिक है। पूरे कुटलैहड़ क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए अनेको योजनाओं पर कार्य चल रहा है। गोबिद सागर झील में वाटर स्पो‌र्ट्स का ट्रायल सफल रहा है तथा यहां पर जल्द ही जल क्रीड़ाओं का व्यावसायिक स्तर पर आयोजन आरंभ हो जाएगा। पैराग्लाइडिग खेल के लिए पिपलू तथा घरवासड़ा का चयन किया गया है।

इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, जिला परिषद के उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, तहसीलदार राहुल शर्मा, बीडीओ यशपाल सिंह परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी