बंगाणा अस्पताल में नहीं शिशु व स्त्री रोग विशेषज्ञ

सिविल अस्पताल बंगाणा में विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 16 Nov 2021 11:30 PM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 11:30 PM (IST)
बंगाणा अस्पताल में नहीं शिशु व स्त्री रोग विशेषज्ञ
बंगाणा अस्पताल में नहीं शिशु व स्त्री रोग विशेषज्ञ

राकेश राणा, बंगाणा

सिविल अस्पताल बंगाणा में लगभग 20-25 पंचायतों के मरीज रोजाना पहुंचते हैं। हालत यह है कि अस्पताल में सिर्फ चार डाक्टर सेवाएं दे रहे हैं। अस्पताल में एमडी डाक्टर, शिशु व स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं हैं। इस कारण मरीजों को इन सुविधाओं के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना का रुख करना पड़ रहा है।

अस्पताल में रविवार के अलावा अन्य दिनों में रोजाना लगभग 80 लोगों की ओपीडी रहती है। अस्पताल में अल्ट्रासांउड मशीन न होने से मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल में मरीजों की संख्या को देखते हुए यहां अल्ट्रासाउंड मशीन की जरूरत है। मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए ऊना, मैहतपुर या फिर नंगल का रुख करना पड़ता है। इससे समय ज्यादा लगने के साथ पैसे भी अधिक खर्च हो रहे हैं। अगर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिले तो मरीजों के समय व पैसे दोनों की बचत होगी। अस्पताल में एक्सरे व लैब तकनीशियन के अलावा एक वार्ड सिस्टर सहित चार नर्से सेवाएं दे रही हैं मगर विशेषज्ञ डाक्टर न होने से मरीज परेशान हैं। बेहतर हों स्वास्थ्य सुविधाएं

स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि मुच्छाली पंचायत प्रधान विजय शर्मा, उपप्रधान अजय शर्मा, मनोज कुमार, राजेश ठाकुर, संजीव शर्मा, राजिद्र ठाकुर, अमन शर्मा, चैन सिंह, कमल देव, सुशील कुमार, ममता शर्मा, रिना संख्यान, सोनिया राणा, मानसी राणा, कमला देवी, अनिता ठाकुर, सावित्री देवी सहित अन्य लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होनी चाहिएं। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर व स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल से मांग की है कि बंगाणा के सिविल अस्पताल में एमडी डाक्टर सहित शिशु व स्त्री रोग विशेषज्ञ और अल्ट्रासाउंड मशीन का प्रविधान करवाया जाए।

अस्पताल में चार डाक्टर, एक वार्ड सिस्टर सहित चार स्टाफ नर्से सेवाएं दे रहे हैं। एक्सरे व लैब तकनीशियन सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी सेवाएं दे रहे हैं।

डा. चेतन मोदगिल, अस्पताल के प्रभारी

सिविल अस्पताल बंगाणा में लगभग सभी स्टाफ सदस्य सेवाएं दे रहे हैं। एमडी डाक्टर सहित अन्य विशेषज्ञ डाक्टरों की सूची उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। जैसे ही विभाग द्वारा एमडी डाक्टर की नियुक्ति की जाएगी तो वह सेवा देना शुरू कर देंगे ताकि मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

-डा. नरेश शर्मा, बीएमओ थानाकलां

chat bot
आपका साथी