महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : बलबीर

चिंतपूर्णी के विधायक बलबीर सिंह ने कहा कि मोदी सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 04:51 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 04:51 PM (IST)
महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : बलबीर
महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : बलबीर

संवाद सहयोगी, अम्ब : चिंतपूर्णी के विधायक बलबीर सिंह ने कहा कि मोदी सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। वर्ममान में महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने यह प्रमाणित कर दिया है कि हमारी बेटियां किसी से कम नहीं हैं। कड़ी मेहनत करने वालों को अपने लक्ष्य को हासिल करने से कोई नहीं रोक सकता।

विधायक वीरवार को ग्राम पंचायत ज्वार में महिला मंडल की तरफ से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में भी महिलाएं अपनी दक्षता साबित कर रही हैं। इसके अलावा कई अन्य क्षेत्रों में हमारी बहनें अहम भूमिका निभा रही हैं। हाल ही में अम्ब उपमंडल की रहने वाली अंजू शर्मा को जलशक्ति विभाग में प्रदेश की चीफ इंजीनियर के पद पर नियुक्त किया जाना भाजपा सरकार की महिला सशक्तीकरण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस अवसर पर विधायक ने महिला मंडल की मांग पर शेड बनाने के लिए दो लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

इस मौके पर मंडल अध्यक्ष ठाकुर कुलदीप सिंह, नर्वदा जसवाल, जिला परिषद सदस्य रजनी मनकोटिया, प्रदेश ओबीसी प्रकोष्ठ के कोषाध्यक्ष एडवोकेट रितेश पलियाल, ग्राम पंचायत प्रधान प्रदीप कुमार, ओमा, त्रिशला देवी, हुकम सिंह, महेंद्र सिंह, युवा मोर्चा आइटी सदस्य सतीश, मीडिया प्रभारी मनोज डोगरा, सूचना एवं प्रौद्योगिकी संयोजक संजीव कुमार उपस्थित रहे। 59 घरेलू गैस कनेक्शन वितरित किए

संवाद सहयोगी, अम्ब : विधायक बलबीर सिंह चौधरी ने वीरवार को आंबेडकर भवन अम्ब में आयोजित कार्यक्रम में हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत 59 पात्र महिलाओं को निश्शुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ग्रामीण महिलाओं के स्वास्थ्य की चिता करते हुए निश्शुल्क रसोई गैस कनेक्शन वितरण का कार्यक्रम उज्ज्वला योजना से शुरू किया था। इस योजना से छूट गए परिवारों को इसका लाभ देने के लिए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना शुरू की है। इसमें किसी भी परिवार को इस सुविधा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। बलबीर ने महिलाओं से सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ उठाने की भी अपील की। इस योजना में 12 रुपये सालाना प्रीमियम पर दो लाख तक का इंश्योरेंस कवर दिया जाता है। अब तक इस योजना से 11 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं।

chat bot
आपका साथी