नगर पंचायत अम्ब में एक करोड़ से होंगे विकास कार्य

नगर पंचायत अम्ब क्षेत्र जल्द ही दूधिया रोशनी से जगमगा उठेगा। नगर पंचायत ने कस्बे में पहले चरण में हाईमास्ट लाइट लगाने का खाका तैयार कर लिया है। इसके लिए नगर पंचायत करीब 25 लाख रुपये खर्च करने जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 09:42 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 09:42 PM (IST)
नगर पंचायत अम्ब में एक करोड़ से होंगे विकास कार्य
नगर पंचायत अम्ब में एक करोड़ से होंगे विकास कार्य

संवाद सहयोगी, अम्ब : नगर पंचायत अम्ब क्षेत्र जल्द ही दूधिया रोशनी से जगमगा उठेगा। नगर पंचायत ने कस्बे में पहले चरण में हाईमास्ट लाइट लगाने का खाका तैयार कर लिया है। इसके लिए नगर पंचायत करीब 25 लाख रुपये खर्च करने जा रही है। हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए नगर पंचायत में छह जगहों का चयन किया है जिसके लिए टेंडर की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई है।

वीरवार को इस संबंध मे नगर पंचायत सचिव एवं तहसीलदार अम्ब अनिल कुमार व नगर पंचायत अध्यक्ष इंदु धीमान की अध्यक्षता में सभी वार्ड पार्षदों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम अम्ब मनेश यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अम्ब में हाइमास्ट लाइट लगाने के साथ-साथ कस्बे के सभी नौ वार्ड में विकासात्मक कार्य शुरू करने के लिए रूपरेखा तैयार की गई। इसके अलावा अम्ब के नैहरियां रोड विश्राम गृह और ऊना रोड आम्बेडकर भवन के पास बस स्टाप बनाने की भी सहमति बनी। साथ ही पूरे कस्बे का डिजिटल सर्वे करवाए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके तहत प्रत्येक गली एवं घर को एक नंबर प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार घास काटने की मशीन सहित रास्तों की मरम्मत एवं निर्माण पर भी खर्च किया जाएगा। इस पर करीब साठ से सत्तर लाख रुपये खर्च आएगा। कुल मिलाकर देखा जाए तो पहले चरण में हो रहे इन सभी विकासात्मक कार्यों के लिए नगर पंचायत की ओर से करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

नगर पंचायत अध्यक्ष इंदु धीमान ने कहा कि अम्ब में छह हाईमास्ट लाइट लगाने और दो बस स्टाप तथा सभी वार्ड में विकासात्मक कार्य शुरू करने के लिए प्रस्ताव पास किया गया है। इन सभी कार्यों पर करीब एक करोड़ रुपये लागत आएगी।

chat bot
आपका साथी