किसानों को अफवाहों से बचाना हम सबका दायित्व : अनुराग

मोदी सरकार के किसान हित में लाए बिलों पर अफवाहों से बचने की अपील

By JagranEdited By: Publish:Sun, 27 Sep 2020 08:13 PM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 05:16 AM (IST)
किसानों को अफवाहों से बचाना हम सबका दायित्व : अनुराग
किसानों को अफवाहों से बचाना हम सबका दायित्व : अनुराग

जागरण संवाददाता, ऊना : मोदी सरकार के किसान हित में लाए बिलों पर अफवाहों से बचने की अपील की है। कांग्रेस द्वारा किया जा रहे अनुचित विरोध महज भ्रामक और अन्नदाता को गुमराह करने वाला है। यह आरोप केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को जारी बयान में लगाया। उन्होंने कहा कि गरीब हो, किसान हो, श्रमिक हो, महिलाएं हों, यह सभी आत्मनिर्भर भारत के मजबूत स्तंभ हैं। इसलिए इनका आत्मसम्मान और आत्मगौरव ही आत्मनिर्भर भारत की प्राण शक्ति है। इन्हें सशक्त करने से ही भारत की प्रगति संभव है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अन्नदाता की आय दोगुनी करने, फसलों का सही मूल्य दिलाने, कृषि को तकनीकी से जोड़ने के लिए निर्णायक कदम उठा रहे हैं। मगर कांग्रेस पार्टी समेत विपक्षी दल किसान कल्याणकारी बिलों का अनुचित विरोध कर किसानों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। किसान भाई इनके झांसे में आए बिना सत्यता की कसौटी पर मोदी सरकार की नीतियों और प्रतिबद्धता को परखें। संसद में पारित विधेयकों से अन्नदाताओं की जिंदगी खुशहाल होगी। इससे उनकी आय दोगुनी करने के प्रयासों को बल मिलेगा। हर विषय पर झूठ फैलाकर भ्रम की स्थिति पैदा करने वाले विपक्ष को उनका यही हथियार घातक सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस बात का जिक्र अपने घोषणा पत्र में किया था, मोदी सरकार ने उसे लागू करने का काम किया है। कांग्रेस तब झूठ बोल रही थी या अब, उसे यह साफ करना चाहिए। अगर मोदी सरकार ने किसानों को उनकी फसल को बेचने के लिए विकल्प उपलब्ध कराए हैं तो इसमें विपक्ष को दिक्कत क्यों है। छह साल में मोदी सरकार ने देश के अन्नदाताओं से करीब सात लाख करोड़ रुपये की फसल खरीदी है, जो यूपीए सरकार के 10 साल के शासन के दौरान खरीद के दोगुने से भी ज्यादा है। किसानों के हित में 70 वर्ष में वायपेयी और मोदी सरकार ने सबसे ज्यादा काम किया है। स्वामीनाथन कमेटी की जो सिफारिशें कोई सरकार लागू नहीं कर पाई, वह मोदी ने करके दिखाया है।

chat bot
आपका साथी