कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किए लोग

अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के सोलन जिला में अभी तक

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 08:18 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 08:18 PM (IST)
कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किए लोग
कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किए लोग

संवाद सहयोगी, सोलन : अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के सोलन जिला में अभी तक लगभग दो लाख 30 हजार लोगों को विभिन्न विधिक प्रावधानों एवं निशुल्क कानूनी सहायता के विषय में जागरूक किया गया है। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायायिक दंडाधिकारी कपिल शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से लोगों को विभिन्न कानूनों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों तक न्याय पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से जन-जन विशेष रूप से ग्रामीण, जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के निवासियों को जानकारी के माध्यम से विधिक सेवा संस्थानों की कार्यप्रणाली से अवगत करवाया जा रहा है तथा निश्शुल्क विधिक सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान को आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवक मंडलों तथा महिला मण्डलों के सहयोग से सफल बनाया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विभिन्न रूटों पर चल रही निजी तथा सरकारी बसों में एक मुहिम के माध्यम से विधिक जागरूकता से संबंधित आठ हजार पंफलेट वितरित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के यू-ट्यूब चैनल के माध्यम से सोशल मीडिया पर लोगों को विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान की जा रही है। सोलन के पांचों विकास खंडों सोलन, कंडाघाट, धर्मपुर, नालागढ़ तथा कुनिहार की सभी 240 ग्राम पंचायतों में इस चैनल पर विधिक जागरूकता से संबंधित वीडियो अपलोड कर साझा किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि विश्व विद्यार्थी दिवस पर राजकीय उच्च पाठशाला सनावर में डिजिटल माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कसौली न्यायालय के न्यायाधीश ने बच्चों को कानूनी अधिकारों की जानकारी प्रदान की। जिला के विभिन्न निजी विश्वविद्यालयों में भी विधिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दो अक्टूबर से 14 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे आउटरीच अभियान के तहत सोलन जिला के सभी 2383 गांवों तक पहुंचकर लोगों को विधिक रूप से जागरूक बनाएगा।

chat bot
आपका साथी