कसौली में पर्यटकों की बढ़ी चहलपहल

पर्यटन नगरी कसौली वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार रही। बीते दिनों दीपावली व अन्य त्योहार होन के चलते यहां पर पर्यटकों की आवाजाही कम हो गई थी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 07 Nov 2021 08:34 PM (IST) Updated:Sun, 07 Nov 2021 08:34 PM (IST)
कसौली में पर्यटकों की बढ़ी चहलपहल
कसौली में पर्यटकों की बढ़ी चहलपहल

संवाद सहयोगी, सोलन : पर्यटन नगरी कसौली वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार रही। बीते दिनों दीपावली व भाई दूज पर्व के बाद पर्यटन नगरी में पर्यटकों की अच्छी आमद रही। होटलों में आक्युपेंसी 80 फीसद रही। अन्य दिनों में पर्यटक कम होने के कारण बाजारों में सन्नाटा पसर जाता है, लेकिन वीकेंड पर पर्यटकों की चहलपहल से पर्यटक स्थलों पर रौनक लौट आती है। इस बार भी शुक्रवार से लेकर रविवार तक कसौली के पर्यटन स्थलों व बाजारों में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी रही। त्योहारी सीजन के चलते यहां पर पिछले वीकेंड पर पर्यटकों की कम आवाजाही रही, लेकिन इस बार काफी संख्या में पर्यटक यहां पर पहुंचे और वादियों को निहारा।

वहीं पर्यटकों ने बाजारों में खूब खरीदारी की। कसौली के अपर माल, लोअर मालरोड, पाइन माल मार्केट, हेरिटेज मार्केट, क्राइस्ट चर्च आदि स्थानों पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी रही। सबसे ज्यादा भीड़ खानपान की दुकानों पर उमड़ी रही। कई पर्यटक दिन में आने के बाद शाम को भी लौट गए।

कसौली में शुक्रवार से ही पर्यटक पहुंचने शुरू हो गए थे। कई होटलों में तो वीकेंड के लिए एडवांस बुकिग हो गई थी। होटल संघ कसौली की मानें तो इस वीकेंड पर काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे। वहीं आगामी दिनों के लिए भी एडवांस बुकिग आ रही है। इन दिनों शादियों का सीजन होने से भी होटल कारोबार में बढ़ोतरी हुई है। आने वाले दिनों के लिए भी शादियों की बुकिग हो रही है।

पुलिस विभाग द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गो सहित पर्यटन स्थलों पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं।

chat bot
आपका साथी