Bus Accident Solan: सोलन के धरजा में दो बसों के बीच जोरदार टक्कर, 16 यात्री घायल
जिला सोलन के धरजा के समीप दो बसों में जोरदार भिड़ंत हो गई। बस में आगे सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
सोलन, जेएनएन। जिला सोलन के धरजा के समीप दो बसों में जोरदार भिड़ंत हो गई। बस में आगे सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। एक बस राजगढ़ उपमंडल के बडू साहिब से पंजाब के बठिंडा जा रही थी। पंजाब की इस बस की विपरीत दिशा से आ रही स्थानीय निजी बस के साथ टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बसों में सवार यात्रियों को चोटें आई हैं। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सोलन अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस व प्रशासन भी तुरंत मौके पर पहुंच गए थे।
धरजा के समीप दो बसों के बीच भिड़ंत करीब साढ़े नौ बजे हुई। एक निजी बस रेश्मा कोच सोलन की तरफ से राजगढ़ की तरफ जा रही थी, इसी दौरान सामने से आ रही पंजाब रोडवेज की बस के साथ इसकी टक्कर हो गई। इस टक्कर में करीब 16 लोग घायल हुए हैं। दो गंभीर रूप से घायल लोगों को सोलन क्षेत्रीय अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों को जीवीके 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया गया। पुलिस टीम सदर थाना सोलन से मौके लिए रवाना हो गई थी और मामले की छानबीन कर रही है।
बसों की जोरदार भिड़ंत में घायल लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। 15 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। घायलों में अधिकतर सिरमौर जिला के लोग हैं। प्रशासन की तरफ से फौरी राहत प्रदान की गई है। हिमाचल प्रदेश में तीखे मोड़ों पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। हालांकि सड़कों को दोष देना भी उचित नहीं है, क्योंकि आमूमन हादसों का कारण इंसानी लापरवाही ही रहती है। खैर पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच के बाद सामने आएगा कि हादसे का कारण क्या रहा।
बस हादसे में घायलों की सूची धनीराम पुत्र परमानंद निवासी ठियोग विद्या दत्त निवासी ठियोग बाबूराम निवासी मजगांव सोलन मर्ची देवी उम्र 74 साल निवासी सोलन सौदा देवी उम्र 60 वर्ष निवासी ठियोग श्रीचंद निवासी सोलन अजय निवासी कसौली सोलन (बस चालक) नीरज निवासी देवठी सोलन विवेक उम्र 23 साल निवासी सोलन रमन निवासी ठियोग गुरदीप कौर निवासी फतेहगढ़ साहिब कुलदीप सिंह निवासी सोलन दीपिका नौणी जिला सोलन सुदर्शना निवासी राजगढ़ जिला सिरमौर जसकरण 19 वर्ष निवासी सोलन बल बहादुर निवासी सोलन।