नगर निगम सोलन के पार्षद 13 को लेंगे शपथ

नगर निगम सोलन के पहले चुनाव के बाद निगम के सभी 17 वार्डो से निर्वाचित पा

By JagranEdited By: Publish:Fri, 09 Apr 2021 09:05 PM (IST) Updated:Fri, 09 Apr 2021 09:05 PM (IST)
नगर निगम सोलन के पार्षद 13 को लेंगे शपथ
नगर निगम सोलन के पार्षद 13 को लेंगे शपथ

संवाद सहयोगी, सोलन : नगर निगम सोलन के पहले चुनाव के बाद निगम के सभी 17 वार्डो से निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 13 अप्रैल को नगर निगम सभागार में आयोजित किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह दिन में 11 बजे से शुरू होगा। एडीसी सोलन अनुराग चंद्र शर्मा निगम के लिए निर्वाचित सभी 17 पार्षदों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

कांग्रेस के नौ, भाजपा के सात व एक आजाद पार्षद शपथ ग्रहण करेंगे। इस दौरान कोरोना से बचाव के नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। पार्षदों के शपथ कार्यक्रम के बाद एडीसी की अध्यक्षता में एक बैठक का भी आयोजन होगा, जिसमें नगर निगम में पहले मेयर व डिप्टी मेयर का चयन भी किया जाएगा। सोलन को नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद इस दिन निगम को पहला मेयर भी मिल जाएगा। बुधवार को हुए चुनाव में कांग्रेस ने 17 में से नौ सीटों पर जीत हासिल करके निगम के गठन के लिए पूर्ण बहुमत हासिल किया था, लेकिन अभी तक मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए किसी का नाम फाइनल नहीं हुआ है।

नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र राणा भी इस बात को स्पष्ट कर चुके हैं कि पहले सभी पार्षद शपथ ग्रहण करेंगे, इसके बाद ही पार्टी के वरिष्ठ नेता बैठकर मेयर व डिप्टी मेयर का निर्णय लेंगे। हालांकि चर्चा में यह बात सामने आ रही है कि शिल्ली रोड वार्ड से चुनाव जीती पूनम ग्रोवर को निगम का मेयर पद दिया जा सकता है। एडीसी सोलन अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि 13 अप्रेल को नगर निगम सोलन के निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम 11 बजे से निगम सभागार में होगा।

chat bot
आपका साथी