कसौली में 100 तो चायल में 80 फीसद पहुंची आक्युपेंसी

त्योहारी सीजन से पूर्व पर्यटन नगरी कसौली व चायल में इस वीकेंड पर पर्यटकों की काफी भीड़ उमड़ी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 03 Oct 2021 06:52 PM (IST) Updated:Sun, 03 Oct 2021 06:52 PM (IST)
कसौली में 100 तो चायल में 80 फीसद पहुंची आक्युपेंसी
कसौली में 100 तो चायल में 80 फीसद पहुंची आक्युपेंसी

विनोद कुमार, सोलन

त्योहारी सीजन से पूर्व पर्यटन नगरी कसौली व चायल में इस वीकेंड पर पर्यटकों की खूब भीड़ उमड़ी। पर्यटन स्थलों सहित बाजारों में पर्यटक चहलकदमी करते नजर आए। वीकेंड पर शनिवार को गांधी जयंती व रविवार की छुट्टी होने के चलते चंड़ीगढ़, पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों के पर्यटकों ने प्रदेश का रुख किया।

शुक्रवार शाम से ही पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सनवारा टोल प्लाजा सहित अन्य क्षेत्रों में शनिवार शाम जाम भी देखने को मिला, जिसके चलते पर्यटकों को परेशान होना पड़ा। इसके अलावा कसौली के गढ़खल में भी पर्यटकों को जाम में परेशान होना पड़ा।

होटल संघ कसौली की मानें तो इस वीकेंड पर यहां के होटल सौ फीसद फुल रहे। वहीं आगामी दिनों के लिए भी एडवांस बुकिग आ रही है। वीकेंड के अलावा आम दिनों में कम संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। वहीं पर्यटन नगरी चायल में भी वीकेंड पर काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे। होटल संघ चायल का कहना है कि यहां के होटलों में 80 फीसद तक आक्युपेंसी रही। इस वीकेंड पर अच्छा कारोबार होने से होटल कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। स्थानीय दुकानदार भी अच्छा कारोबार होने से खुश हैं।

बीते दिनों भारी बारिश व सरकार की कोविड-19 शर्तो के चलते होटल कारोबार में कमी देखी गई थी, लेकिन अब आने वाले दिनों में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद की जा रही है। जाम से निपटने के लिए पुलिस विभाग के प्रबंध पुख्ता

कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस विभाग द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए परवाणू से वाकनाघाट तक अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। फोरलेन निर्माण कार्य व सनवारा टोल प्लाजा की सभी लेन शुरू न होने के चलते वीकेंड पर जाम लग जाता है। पर्यटन स्थलों पर कोविड से बचाव के नियमों का पालन करवाने के लिए भी पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। होटलों में किया जा रहा कोविड नियमों का पालन

होटल संघ कसौली के अध्यक्ष राजेंद्र चोपड़ा का कहना है कि इस वीकेंड पर कसौली के होटलों में फुल आक्युपेंसी रही। इसके लिए पहले से ही एडवांस बुकिग आनी शुरू हो गई थी। आम दिनों में अभी कम संख्या में ही पर्यटक आ रहे हैं। होटलों में कोरोना से बचाव के नियमों का सख्ती से पालन हो रहा है। वहीं होटल संघ चायल के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा का कहना है कि चायल में वीकेंड पर 80 फीसद आक्युपेंसी रही।

chat bot
आपका साथी