अर्की कांग्रेस में बगावत थमने का नाम नहीं ले

अर्की कांग्रेस में बगावत थमने का नाम नहीं ले रही है। ब्लाक कांग्रेस के

By JagranEdited By: Publish:Wed, 06 Oct 2021 06:58 PM (IST) Updated:Wed, 06 Oct 2021 06:58 PM (IST)
अर्की कांग्रेस में बगावत थमने का नाम नहीं ले
अर्की कांग्रेस में बगावत थमने का नाम नहीं ले

भूपेंद्र ठाकुर, सोलन

अर्की कांग्रेस में बगावत थमने का नाम नहीं ले रही है। ब्लाक कांग्रेस के 123 पदाधिकारी अपने पद से त्यागपत्र दे चुके हैं। अर्की उपचुनाव में अब बागी नेता किसका साथ देंगे, इसकी तस्वीर वीरवार को कुनिहार में होने वाली महापंचायत में साफ हो जाएगी। महापंचायत में लोगों की संख्या से ही इस बात का भी अंदाजा लग जाएगा कि कांग्रेस की जीत कितनी मुश्किल हो सकती है।

संजय अवस्थी को टिकट दिए जाने के बाद अर्की कांग्रेस दो गुट में बंट चुकी है। वीरभद्र गुट के नेता राजेंद्र ठाकुर हैं। राजेंद्र ठाकुर का ब्लाक कांग्रेस में वर्चस्व होने की वजह से अध्यक्ष सहित अधिकतर पदाधिकारियों ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया। इसके बाद प्रदेश आला कमान ने कार्यकारिणी को भंग कर नया कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। अर्की यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष ने भी त्याग पत्र दे दिया था, जिसके तुरंत बाद हेमंत को अध्यक्ष बनाया गया।

कांग्रेस के प्रत्याशी संजय अवस्थी सुखविदर सिंह सुक्खू गुट के हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व सुक्खू के बीच हमेशा छत्तीस का आंकड़ा रहा है। इसका असर अर्की कांग्रेस में भी दिखाई दे रहा है। हालांकि बुधवार को टिकट मिलने के बाद संजय अवस्थी जब अर्की व दाड़लाघाट पहुंचे तो भारी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया। यानि संजय अवस्थी ने पहले ही दिन शक्ति प्रदर्शन कर बागियों को यह संदेश दिया है कि पार्टी के आम कार्यकर्ता उनके साथ खड़े हैं। यही वजह है कि संजय अवस्थी का जगह-जगह लोगों ने जोरदार स्वागत किया।

वीरवार को कुनिहार में राजेंद्र ठाकुर के आवास पर महापंचायत रखी गई है। दावा किया जा रहा है कि इस महापंचायत में 72 पंचायतों के लोग हिस्सा ले सकते हैं। इसमें ही तय किया जाएगा कि अब आगामी रणनीति क्या रहेगी। राजेंद्र ठाकुर को आजाद उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा जाएगा या नहीं, इस बात का भी निर्णय लिया जाना है। यदि बागी नेता चुनाव नहीं लड़ते हैं तो किसको समर्थन देना है, इस बात का भी निर्णय बैठक में लिया जाएगा। कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी वीरवार को अर्की एसडीएम कार्यालय में नामांकन भरेंगे। इस दौरान उनके कई समर्थक भी मौजूद रहेंगे। नामांकन के साथ संजय अवस्थी शक्ति प्रदर्शन भी कर सकते हैं।

chat bot
आपका साथी