शामती-रबौण बाइपास को करना होगा चार माह का इंतजार

शामती-रबौण बाइपास के लिए लोगों को अभी चार माह का और इंतजार करन

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 05:04 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 05:04 PM (IST)
शामती-रबौण बाइपास को करना होगा चार माह का इंतजार
शामती-रबौण बाइपास को करना होगा चार माह का इंतजार

भूपेंद्र ठाकुर, सोलन

शामती-रबौण बाइपास के लिए लोगों को अभी चार माह का और इंतजार करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 30 जून, 2021 तक बाइपास का काम पूरा किए जाने की घोषणा नगर निगम चुनाव के दौरान की थी। हालांकि मात्र पांच किलोमीटर लंबा मार्ग चार वर्ष में भी तैयार नहीं हो पाया है। अभी भी अक्टूबर तक का समय इस मार्ग को बनाने में लग सकता है।

जानकारी के अनुसार शामती-रबौण बाइपास का टेंडर अक्टूबर, 2017 में जारी किया गया था। यह कार्य दिसंबर, 2019 तक पूरा होना था। आंजी व आसपास के गांव की जमीन अधिग्रहण के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की कमी पड़ गई। कई माह तक भू-अधिग्रहण का पैसा न आने की वजह से इस क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पाया। टेंडर जारी किए जाने के बाद पता चला कि बीच में एक खड्ड है, जहां पर पुल का भी निर्माण किया जाना है। पुल के निर्माण के लिए अलग से टेंडर जारी किया गया। पहले दावा किया जा रहा था दिसंबर, 2020 तक यह कार्य पूरा हो जाएगा, लेकिन कछुआ गति से काम चला होने की वजह से यह टारगेट भी पूरा नहीं हो पाया।

भाजपा सोलन नगर निगम का चुनाव रबौण-शामती बाइपास के मुद्दे पर जीतना चाहता थी। मुख्यमंत्री ने शहर के ठोडो मैदान में घोषणा की थी कि 30 जून तक सोलन बाइपास का कार्य पूरा कर दिया जाएगा। इसके बाद लोगों को उम्मीद थी कि शायद अब वर्षो पुराना यह प्रोजेक्ट जल्द पूरा होगा। चुनाव के दौरान काम काफी तेजी से चला। चुनाव समाप्त होते ही निर्माण कार्य सुस्त पड़ गया। जून के अब मात्र कुछ दिन शेष बचे हैं। टारिग का कार्य एक किलोमीटर के क्षेत्र में ही हो पाया है। रबौण में अभी डंगे आदि लगाए जाने का कार्य शेष बचा है। इसी प्रकार शराणू खड्ड में बन रहे पुल के निर्माण में भी अभी चार माह तक का समय लग सकता है। यदि काम पूरा भी हो जाता है तो भी अब बरसात में टारिग कर पाना संभव नहीं है। टारिग का कार्य अब सितंबरके अंत तक ही शुरू हो पाएगा।

लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अरविंद कुमार का कहना है कि कई समस्याओं की वजह से शामती-रबौण बाइपास का कार्य 30 जून तक पूरा नहीं हो पाएगा। चार माह में इस काम को पूरा कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी