चायल व कसौली के दर्जनों गांव अंधेरे में

जिला सोलन के उंचाई वाले क्षेत्रों में वीरवार को हुए हिमपात के बाद जनजीवन सामान्य नहीं हो पाया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 06 Feb 2021 06:45 PM (IST) Updated:Sat, 06 Feb 2021 06:45 PM (IST)
चायल व कसौली के दर्जनों गांव अंधेरे में
चायल व कसौली के दर्जनों गांव अंधेरे में

विनोद कुमार, सोलन

जिला सोलन के उंचाई वाले क्षेत्रों में वीरवार को हुए हिमपात के बाद जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है। शनिवार को भी पर्यटन नगरी चायल व कसौली के दर्जनों गांव अंधेरे में डूबे रहे व कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। हिमपात से सबसे ज्यादा नुकसान विद्युत विभाग को हुआ है।

विद्युत विभाग को बिजली की लाइनें टूटने व ट्रांसफार्मर जलने से करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। चायल क्षेत्र में भारी हिमपात होने से 35 गांव अंधेरे में हैं। यहां 50 ट्रांसफार्मर बंद हैं। चायल में पांच ट्रांसफार्मर जल गए हैं। वहीं, लोक निर्माण विभाग को करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हिमपात से जिला में आठ सड़कें बाधित हुई थीं। इन सड़कों को शनिवार शाम तक यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है।

चायल क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए विद्युत विभाग सोलन के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता विकास गुप्ता शनिवार मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने चायल क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लिया। विकास गुप्ता ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए कार्य युद्धस्तर पर जारी है। वहीं, जलशक्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हिमपात से पांच पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई थीं जिन्हें बहाल कर दिया गया है। सोलन डिपो के सात रूट बाधित

हिमपात के कारण हिमाचल पथ परिवहन निगम के सोलन डिपो के सात रूट बाधित रहे। सोलन के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश धीमान ने बताया कि इन सात रूट में आधे तक ही निगम की कें जा रही हैं। इनमें राजगढ़ व चायल क्षेत्र के रूट शामिल हैं।

---------- लोग बर्फ पिघला कर पानी पीने के लिए मजबूर

संवाद सूत्र, कंडाघाट : पर्यटन स्थल चायल वीरवार को हुई भारी बर्फबारी के कारण शनिवार को तीसरे दिन भी देश से कटा रहा। ब्रेड, दूध, सब्जी और अखबार की सप्लाई चायल नहीं पहुची। पेयजल आपूर्ति भी बहाल नहीं हो पाई है। लोग बर्फ पिघला कर पानी पीने के लिए मजबूर रहे। भारी बर्फबारी के कारण झाझा सहित कई गांवों में पॉलीहाउस टूट गए। इस कारण किसानों की नगदी फसल बर्बाद हो गई है।

chat bot
आपका साथी