नालागढ़ उपमंडल में पांच घटनाओं में लाखों का नुकसान

नालागढ़ में दीपावली की रात उपमंडल में पांच स्थानों पर आग की घटनाएं सामने आई हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Nov 2021 06:51 PM (IST) Updated:Fri, 05 Nov 2021 06:51 PM (IST)
नालागढ़ उपमंडल में पांच घटनाओं में लाखों का नुकसान
नालागढ़ उपमंडल में पांच घटनाओं में लाखों का नुकसान

संवाद सूत्र, नालागढ़ : नालागढ़ में दीपावली की रात उपमंडल में पांच स्थानों पर आग की घटनाएं सामने आई हैं। इसमें दो जगह मक्की के टांडों, एक दुकान, एक मकान व एक कबाड़ की दुकान में आग लगी। आग पर दमकल विभाग की टीमों ने काबू पाया। दमकल विभाग ने मुस्तैदी से आग पर काबू पाते हुए 62 लाख की संपत्ति को जलने से बचा लिया।

दमकल विभाग नालागढ़ के अनुसार आग लगने की की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मचारी गाड़ी लेकर तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने पांच जगह लगी आग को बुझाया। पहली घटना नालागढ़-रोपड मार्ग पर जगातखाना में हुई जहां कबाड़ की दुकान में आग लगने से सामान राख हो गया। दूसरी घटना नालागढ़ के खोखरा गांव में घटी, जहां अमरचंद के मक्की के टांडों में आग लग गई। तीसरी घटना नालागढ़-बद्दी मार्ग पर खरूणी के समीप खोलबेली गांव में हुई, जहां पर बने दो कमरों में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। चौथी घटना नालागढ़ के रामशहर चौक पर बनी एक दुकान में आग लगने से हुई। फायर ब्रिगेड के मुताबिक यह आग शार्ट सर्किट से लगी बताई जा रही है। पांचवीं घटना उपमंडल के भोगपुर गांव में हुई जहां मक्की के टांडे और पराली में आग लगने करीब 15 हजार का नुकसान हुआ है।

दमकल विभाग नालागढ़ के अग्निशमन केंद्र प्रभारी जयपाल ठाकुर ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही तुरंत टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। आग लगने से छह लाख दो हजार का नुकसान हुआ है, जबकि 62 लाख की संपत्ति को जलने से बचाया गया है।

chat bot
आपका साथी