सोलन में 12 बजे के बाद नहीं चलीं निगम की बसें

हिमाचल पथ परिवहन निगम शिमला के क्षेत्रीय प्रबंधक के तबादला आदेश रद न होने पर सोलन में परिवहन कर्मियों ने प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 07:02 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 07:02 PM (IST)
सोलन में 12 बजे के बाद नहीं चलीं निगम की बसें
सोलन में 12 बजे के बाद नहीं चलीं निगम की बसें

संवाद सहयोगी, सोलन : हिमाचल पथ परिवहन निगम शिमला के क्षेत्रीय प्रबंधक के तबादला आदेश रद न होने पर सोलन में भी परिवहन कर्मी विरोध में उतर आए हैं। सोलन डिपो के चालक-परिचालक संघ ने नया बस अड्डा परिसर में रोष जताया। दोपहर 12 बजे के बाद डिपो के चालकों व परिचालकों ने बसें खड़ी करके बस अड्डा में एकत्र होकर नारेबाजी की। दोपहर बाद नया बस अड्डा के गेट को बंद करके बसों के प्रवेश को भी बंद कर दिया गया। इसके चलते निजी बस आपरेटरों को बस अड्डे के बाहर से ही यात्रियों को बस में चढ़ाना पड़ा।

परिवहन निगम की मानें तो सोलन डिपो के तहत 12 बजे के बाद कोई बस भी रूट पर नहीं भेजी गई। सोलन डिपो सहित जिले के कई क्षेत्रों में निगम के दर्जनों रूट प्रभावित हुए। इसके कारण यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा।

सोलन डिपो में इन दिनों सौ से अधिक रूट पर निगम की बसें चल रही हैं। शनिवार को 40 फीसद रूट पर निजी बसें चलीं, लेकिन कई ऐसे रूट हैं जहां केवल निगम की बसें ही चलती हैं। भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष कपिल शर्मा ने बताया कि चालक-परिचालक संघ क्षेत्रीय प्रबंधक शिमला के तबादला आदेश को रद करने की मांग करता है।

आरएम सोलन शुगल सिंह ने बताया कि चालकों व परिचालकों के प्रदर्शन के चलते शनिवार को 12 बजे के बाद निगम की बस सेवाएं ठप रहीं। उन्होंने कहा कि इस दौरान दर्जनों रूट प्रभावित हुए। बस अड्डा बंद करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसे शाम तक खोल दिया जाएगा।

एएसपी सोलन अशोक वर्मा ने बताया कि सोलन बस अड्डे को घंटों बंद करने के बारे में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत आती है तो मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। निजी बस आपरेटर संघ ने बस अड्डा बंद करने पर जताया विरोध

शूलिनी निजी बस आपरेटर संघ सोलन ने बस अड्डे को घंटों बंद रखने पर विरोध जताया। संघ के अध्यक्ष रघुविद्र सिंह मेहता का कहना है कि किसी भी सार्वजनिक स्थल को ऐसे बंद नहीं किया जा सकता। निजी बस आपरेटर संघ का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को उपायुक्त सोलन व आरटीओ से भी इस समस्या को लेकर मिला।

chat bot
आपका साथी