105 वर्षीय बुजुर्ग ने पौधा रोप दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 08:35 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 08:35 PM (IST)
105 वर्षीय बुजुर्ग ने पौधा रोप दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
105 वर्षीय बुजुर्ग ने पौधा रोप दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

संवाद सहयोगी, सोलन : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में आयोजित किए जा रहे सेवा सप्ताह के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिक सम्मान दिवस आयोजित किया गया। जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि जिले के विभिन्न स्थानों पर वरिष्ठ नागरिकों ने पौधारोपण कर युवाओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बुजुर्गो ने पौधारोपण को जहां प्रकृति के संरक्षण के लिए आवश्यक बताया वहीं पेड़-पौधों की शिशुओं की भांति देखभाल करने की भी अपील की।

इस मौके पर जिले की विभिन्न पंचायतों में तहसील कल्याण अधिकारियों द्वारा वयोवृद्ध नागरिकों को सम्मानित किया गया तथा उनसे पौधरोपण करवाया। गिरधारी लाल शर्मा ने कहा कि कुनिहार विकास खंड की पंचायत घनागुघाट के 105 वर्षीय बुजुर्ग संतराम तथा 90 वर्षीय रामदेई ने देवदार का पौधा रोपित कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पेड़-पौधे आवश्यक हैं तथा हम सभी को पौधारोपण का संकल्प लेना चाहिए। इसी विकास खंड की पंचायत चम्यावल में 94 वर्षीय राम कृष्ण ने पौधा रोपित कर प्रकृति को सहेजने का संदेश दिया।

धर्मपुर विकास खंड की पंचायत कृष्णगढ़ में वरिष्ठ नागरिक केडी शर्मा तथा धर्मपुर के 84 वर्षीय बुजुर्ग बृजेश गुप्ता ने पौधारोपण किया। पंचायत गुल्हाड़ी के 91 वर्षीय शिव सिंह चौहान तथा उनकी पत्नी नरेंद्रा चौहान, कंडाघाट विकास खंड की साधुपल निवासी 94 वर्षीय पुष्पा देवी ने भी पौधारोपण किया। जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि वृद्धजन समाज की धरोहर हैं और हमें उनके द्वारा स्थापित किए गए मूल्यों और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान हम सभी का कर्तव्य हैं तथा हमें इसके लिए युवा पीढ़ी को भी जागरूक करना चाहिए।

chat bot
आपका साथी