निजी क्लीनिकों में एक्स-रे करवाने की मजबूरी

चार जिलों को स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी मे मरीजों को परेशानी हो रही है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 03:55 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 03:55 PM (IST)
निजी क्लीनिकों में एक्स-रे करवाने की मजबूरी
निजी क्लीनिकों में एक्स-रे करवाने की मजबूरी

संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर : चार जिलों को स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी में आने वाले मरीजों को परेशानी हो रही है। उन्हें अस्पताल में एक्स-रे की सुविधा नहीं मिल रही है। करीब 10 दिनों से एक्स-रे मशीन खराब है। इस कारण मरीजों को मजबूरी में निजी क्लीनिकों में महंगे दाम पर एक्स-रे करवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

खनेरी अस्पताल में शिमला जिला के रामपुर उपमंडल, किन्नौर, कुल्लू के आउटर सराज और मंडी के साथ लगते क्षेत्र के लोग इलाज करवाने आते हैं। इनमें भी अधिकतर वे लोग होते हैं जो निजी क्लीनिकों में इलाज नहीं करवा सकते हैं। खनेरी अस्पताल की गिनती क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पतालों में होती है। इस कारण बेहतर इलाज मिलने की आस में यहां सैकड़ों लोग आते हैं।

खनेरी अस्पताल की सबसे बड़ी समस्या यहां की एक्स-रे मशीन है जो बार-बार खराब होती रहती है। इसे ठीक होने में कई दिन लग जाते हैं। यदि किसी मरीज को छोटी चोट का भी एक्स-रे करवाना हो तो उसे निजी क्लीनिक का रुख करना पड़ रहा है। युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राहुल सोनी, जिला उपाध्यक्ष अंकुर शर्मा, पूर्व अध्यक्ष जसवीर ठाकुर, ध्रुव शर्मा व अश्वनी शर्मा ने कहा कि खनेरी अस्पताल में एक्स-रे मशीन के खराब होने के बावजूद प्रदेश सरकार के नुमाइंदे इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि लोगों की समस्या को देखते हुए खनेरी अस्पताल में नई एक्स-रे मशीन जल्द लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक्स-रे मशीन जल्द ठीक न हुई तो युवा कांग्रेस प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी।

-------------- अस्पताल में एक्स-रे मशीन की मरम्मत करवाने के लिए कंपनी के साथ पत्राचार किया गया है। मशीन जल्द ठीक करवाई जाएगी।

- सुनील शर्मा, एसएमओ, खनेरी

chat bot
आपका साथी