धूप खिलने से शीतलहर से मिली राहत

प्रदेश में धूप खिलने से रविवार को तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 10 Jan 2021 08:51 PM (IST) Updated:Sun, 10 Jan 2021 08:51 PM (IST)
धूप खिलने से शीतलहर से मिली राहत
धूप खिलने से शीतलहर से मिली राहत

राज्य ब्यूरो, शिमला : प्रदेश में धूप खिलने से रविवार को तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। तीन दिन से समूचे प्रदेश में शीतलहर से थोड़ी निजात मिली है। हालांकि सूरज निकलने से पहले व ढलने के बाद शीतलहर जोर पकड़ रही है। लाहुल-स्पीति, किन्नौर जिला के साथ-साथ चंबा जिला के तहत भरमौर व पांगी क्षेत्र बर्फ से ढके हुए हैं। इन क्षेत्रों में तापमान शून्य डिग्री के आसपास बना हुआ है।

रविवार को केलंग में न्यूनतम तापमान -8.8 डिग्री और सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के निचले व मध्यवर्ती क्षेत्रों में धुंध छाने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि फिलहाल मौसम में किसी प्रकार का बदलाव होता नजर नहीं आ रहा है। 16 जनवरी तक मौसम साफ रहने से लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।

पर्यटन केंद्र शिमला ने न्यूनतम तापमान के मामले में प्रदेश के निचले गर्म क्षेत्रों को पीछे छोड़ दिया है। रविवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री था, जबकि मंडी, सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला, सोलन, मनाली, चंबा, डलहौजी व कुफरी का तापमान कम रहा।

--------

शिमला में पर्यटकों की मस्ती

देशभर से पर्यटक शिमला खींचे चले आ रहे हैं। सामान्य तौर पर 20 दिसंबर से शिमला सहित राज्य के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की आमद शुरू हो जाती है और नववर्ष के एक-दो दिन के भीतर पर्यटक वापस लौट जाते हैं। 10 जनवरी हो चुकी है और शहर के होटलों में पर्यटकों की एडवांस बुकिग चल रही है। रिज व मालरोड पर पूरा दिन पर्यटकों की चहल-पहल रह रही है। रिज मैदान पर रोजाना रात्रि नौ बजे तक पर्यटक मस्ती करते रहते हैं। यहां पर संगीतमय फव्वारा लगने से पर्यटकों का आकर्षण बढ़ गया है।

--------

खराब मौसम व कोहरे ने रोकी हवाई उड़ानें

जेएनएन, गगल : खराब मौसम व कोहरे के कारण रविवार को सभी विमान सेवाएं रद हो गईं। यात्रियों को विमान सेवाएं रद होने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोई भी उड़ान रविवार को न हो सकी, जिस कारण अपने गंतव्यों को जाने वाले व अन्य जगहों से आने वाले यात्रियों को दिक्कतें हुई। एयरपोर्ट के डायरेक्टर किशोर शर्मा ॉव यातायात प्रभारी गौरव कुमार ने बताया के आज खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण एयर इंडिया व स्पाइसजेट मौसम खराब व कोहरे होने के कारण गगल में पहुंच नही पाया , खराब मौसम के कारण विमान सेवाएं ठप होने से दिनभर यात्रियों को परेशान होना पड़ा।

--------

कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)

स्थान,न्यूनतम,अधिकतम

शिमला,5.5,18.9

सुंदरनगर,1.8,23.2

भुंतर,0.4,19.7

कल्पा,-4.3,10.8

धर्मशाला,5.4,16.6

ऊना,8.0,19.0

नाहन,10.3,20.0

केलंग,-8.8,03.5

पालमपुर,6.0,19.0

सोलन,4.4,23.0

मनाली,1.0,14.0

कांगड़ा,7.3,16.5

मंडी,1.0,21.0

बिलासपुर,7.0,21.5

हमीरपुर,7.3,21.3

चंबा,4.3,18.6

डलहौजी,4.0,07.0

कुफरी,4.4,11.4

chat bot
आपका साथी