राजधानी में पानी की पूरी सप्लाई के लिए करना होगा इंतजार

राजधानी शिमला में लोगों को अभी तक पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल पा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 04:07 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 04:07 PM (IST)
राजधानी में पानी की पूरी सप्लाई के लिए करना होगा इंतजार
राजधानी में पानी की पूरी सप्लाई के लिए करना होगा इंतजार

जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला में लोगों को अभी तक पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल पा रही है। राजधानी के लिए बनी पेयजल परियोजनाओं में अभी तक पूरी वोल्टेज न होने के कारण पंपिग प्रभावित हो रही है। परियोजनाओं में रोजाना दो से तीन घंटे पंपिग पीक आवर में रोकनी पड़ रही है। इससे शहर को मिलने वाली पानी की सप्लाई करीब पांच मिलियन लीटर पर डे (एमएलडी) कम हो गई है।

शहर को औसतन 45 से 50 एमएलडी पानी रोजाना सभी परियोजनाओं से मिलता रहा है। अब ये कम होकर 40 एमएलडी तक पहुंच गया है। इससे शहर में पानी की मांग को पूरा करना आने वाले दिनों में ओर मुश्किल हो सकता है। शहर में नववर्ष और क्रिसमस के दौरान सैलानियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इस दौरान राजधानी के होटलों में पानी की मांग लगभग दोगुनी हो जाती है। इसे पूरा करने के लिए नगर निगम को अतिरिक्त मशक्कत करनी होगी।

यदि सप्लाई का यही हाल रहा तो शहर में लोगों को पानी की राशनिग का सामना भी करना पड़ सकता है। निगम के अधिकारी इसको लेकर खासे चितित हैं। उनका तर्क है कि बिना वोल्टेज के पंपिग मुश्किल है। आज भी शहर को पानी सभी परियोजनाओं से 40.55 एमएलडी ही मिला है।

मंगलवार को 34 एमएलडी पानी ही मिला था। इससे शहर के हर क्षेत्र में पानी की सप्लाई सुचारू नहीं दी जा सकती थी। अब पिछले दिनों से यह समस्या काफी गंभीर हो गई है। वहीं शहर के लोगों की मानें तो राजधानी में हर सीजन में पानी की कमी होती है। गर्मियों में पानी का स्तर स्त्रोतों में गिरने के कारण बरसात में गाद आ जाने के कारण और सर्दी में वोल्टेज के कारण पूरे साल की समस्या शहर में पानी की बनती जा रही है।

chat bot
आपका साथी