रोहडू पुलिस के हत्थे चढ़े नशे के दो बड़े सरगना

पुलिस थाना रोहड़ू के कर्मचारियों ने नशे के दो सरगनाओं को गिरफ्तार किया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 07:10 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 07:10 PM (IST)
रोहडू पुलिस के हत्थे चढ़े नशे के दो बड़े सरगना
रोहडू पुलिस के हत्थे चढ़े नशे के दो बड़े सरगना

संवाद सूत्र, रोहड़ू : पुलिस थाना रोहड़ू के कर्मचारियों ने नशे के दो सरगनाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह सफलता आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से हाथ लगी है। दोनों आरोपित काफी समय से चिट्टे का कारोबार कर रहे थे और पुलिस को इनकी तलाश थी। रोहड़ू पुलिस ने कुछ समय पहले रोहडू में चिट्टे के कारोबार में संलिप्त दो आरोपितों त्रिलोक नेगी व पंकज कुमार को 9.21 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ पकड़ा था। इनसे पूछताछ के दौरान पुलिस को रोहडू क्षेत्र में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों व यहां सप्लाई करने वाले बड़े सरगनाओं के तार मिले थे। इस मामले में वांछित मुख्य सरगना दीपक जय सिघानिया और प्रेम शाह को थाना रोहड़ू के मुख्य आरक्षी कुलदीप डंठीयाण, मुख्य आरक्षी विजय कुमार व पुलिस टीम ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपित दीपक जय सिघानिया नशीले पदार्थो का अवैध धंधा करने वाले गिरोह का मुख्य सरगना है, जो काफी समय से रोहड़ू व चिड़गांव क्षेत्र में अपने साथी प्रेम शाह के साथ नशीले पदार्थो को बेचने में सक्रिय था। इन दो आरोपितों में शामिल दीपक कुछ समय पहले रोहडू में मोची का काम भी करता था। आरोपितों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

रोहडू पुलिस ने क्षेत्र से इन लोगों के संपर्क में कई अन्य लोगों को भी सूचीबद्ध कर लिया है। इसके बाद अब इन सभी लोगों तक पुख्ता सुबूत के साथ उन तक पहुंचकर गिरफ्त में लाना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।

डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने बताया कि रोहडू उपमंडल के तहत नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अपराध में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

chat bot
आपका साथी