फिर बदलेंगे अन्य राज्यों से आने वालों के लिए नियम

जिले में अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के लिए नियमों में बदलाव किया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Jul 2020 03:37 AM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 06:20 AM (IST)
फिर बदलेंगे अन्य राज्यों से आने वालों के लिए नियम
फिर बदलेंगे अन्य राज्यों से आने वालों के लिए नियम

जागरण संवाददाता, शिमला : जिले में अन्य राज्यों से आने वाले लोगों को अब बैरियर पर आकर पूछना नहीं पड़ेगा कि वे होम क्वारंटाइन होंगे या फिर संस्थागत क्वारंटाइन। जिला प्रशासन की कोविड-19 की साइट पर पंजीकरण के आवेदन की मंजूरी के साथ ही तय हो जाएगा कि किस तरह के क्वारंटाइन में व्यक्ति को रहना होगा। इसके लिए बार कोड सिस्टम तय किया जाएगा। इसके बाद कोई अपनी इच्छा या पहुंच से क्वारंटाइन के तरीके को बदलवा भी नहीं सकेगा। उपायुक्त अमित कश्यप की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने शोघी बैरियर का दौरा किया। इसके बाद फैसला लिया कि भविष्य में इसके पूरे प्रारूप को बदल कर सिस्टम में सुधार किया जाएगा।

वर्तमान में लोग अपना पंजीकरण करवा शिमला पहुंच जाते हैं। शोघी बैरियर से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ उलझते हैं कि किस तरह के क्वारंटाइन में रखा जाए। इसलिए पूरे सिस्टम को बार कोड से जोड़ा जाएगा। इससे लोगों को भी पंजीकरण की मंजूरी मिलते ही पता चल जाएगा कि उन्हें क्वारंटाइन किस तरह से किया जाएगा। इसके बाद आने या न आने का फैसला वे अपने स्तर पर ही ले सकेंगे। इससे लोगों को भी परेशानी नहीं होगी और अधिकारियों की दिक्कत भी दूर होगी। कतारों से भी मिलेगी निजात

बैरियर पर काफी समय इसमें बीत जाता है कि लोगों को क्वारंटाइन कैसे किया जाना है। इसके लिए लंबी जद्दोजहद करनी पड़ती है। भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए नया सिस्टम तैयार किया जा रहा है। आइटी विभाग की ओर से सिस्टम तैयार कर जल्द ही इसे लागू किया जा सकेगा। लोगों की सुविधा के लिए लिया फैसला : उपायुक्त

सेब सीजन के दौरान काफी लोग शिमला पहुंचेंगे। इसलिए बाहर से आने वाले लोगों को परेशानी न हो, इसलिए नया सिस्टम तैयार करने का फैसला लिया है। इसके बाद लोगों को पहले ही पता लग जाएगा कि उन्हें किस तरह क्वारंटाइन होना होगा। इससे सीजन भी सही चलेगा और जिले के लोगों को भी संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सकेगा।

अमित कश्यप, उपायुक्त शिमला।

chat bot
आपका साथी