अध्यक्ष पद पर पेंच, हॉलीलॉज में तीन घंटे मंथन

जागरण संवाददाता शिमला जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थितों में जंग तेज हो गई है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 09 Feb 2021 09:11 PM (IST) Updated:Tue, 09 Feb 2021 09:11 PM (IST)
अध्यक्ष पद पर पेंच, हॉलीलॉज में तीन घंटे मंथन
अध्यक्ष पद पर पेंच, हॉलीलॉज में तीन घंटे मंथन

जागरण संवाददाता, शिमला : जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थितों में जंग तेज हो गई है। कांग्रेस अभी तक अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पद पर नाम तय नहीं कर पा रही है। मंगलवार को सभी जिला परिषद सदस्यों की बैठक पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह के निजी आवास हॉलीलॉज में हुई। करीब तीन घंटे तक चली बैठक में अध्यक्ष पद को लेकर समन्वय बनाने पर चर्चा हुई।

सूत्रों की मानें तो अभी तक भी पार्टी स्थिति साफ नहीं कर पाई है। इस बार अध्यक्ष की कुर्सी सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। सामान्य वर्ग की छह महिलाएं जीत कर आई हैं। ऐसे में एक अनार सौ बीमार की हालत हो गई है। पिछली बार शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से जिला परिषद अध्यक्ष चुना गया था। इस बार कांग्रेस के विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र से अध्यक्ष चाहते हैं। इसके लिए पार्टी के अंदर काफी खींचतान चली हुई है।

कांग्रेस पार्टी की तरफ से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक वरिष्ठ कांग्रेस नेता गंगूराम मुसाफिर को नियुक्त किया गया है। जिला अध्यक्ष शिमला ग्रामीण यशवंत छाजटा समन्वय बनाने के लिए काम कर रहे हैं। कांग्रेस नहीं चाहती है विवाद

चुनाव में जीत कर आई सामान्य वर्ग की कांग्रेस समर्थित महिला सदस्यों में ज्यूरी त्यावल से चंद्रप्रभा नेगी, खशधार से मोनिता चौहान, चमियाणा से लता वर्मा, बल्देयां से रीना, जुन्गा से संतोष शर्मा और हलोग धामी वार्ड से प्रभा वर्मा हैं। कांग्रेस किसी भी तरह का विवाद इसमें नहीं चाहती हैं। इसके लिए सभी सदस्यों के बीच समन्वय बनाने की कोशिश की जा रही है। कल होना है अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चयन

वीरवार को जिला परिषद की बैठक है। इसमें अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चयन होना है। पार्टी इससे पहले समन्वय बनाना चाहती है ताकि बैठक में कोई विवाद न उपजे। सामान्य वर्ग की इन महिलाओं में चंद्रप्रभा नेगी पहले भी जिला परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके अलावा अन्य चार में से भी कोई नाम तय हो सकता है। यह है जिला परिषद का समीकरण

जिला परिषद के चुनाव में कांग्रेस समर्थितों ने 24 में से 13 सीटें जीती हैं। इसके अलावा पांच निर्दलीय, चार भाजपा और दो सीटों पर कामरेड समर्थित उम्मीदवार जीते हैं।

chat bot
आपका साथी