पार्टी का निर्णय सभी के लिए सर्वमान्य : राठौर

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि उपचुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है। टिकट पर पाटीर् का फैसला सर्वमान्य है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 06 Oct 2021 12:02 AM (IST) Updated:Wed, 06 Oct 2021 12:02 AM (IST)
पार्टी का निर्णय सभी के लिए सर्वमान्य : राठौर
पार्टी का निर्णय सभी के लिए सर्वमान्य : राठौर

जागरण संवाददाता, शिमला : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि उपचुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार व एकजुट है। शिमला में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि पार्टी का निर्णय सभी के लिए मान्य व अंतिम है। उन्होंने कहा कि भाजपा अंतर्कलह से ग्रस्त प्रत्याशियों को लेकर अभी तक माथापच्ची कर रही है।

राठौर ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के पास महंगाई के अलावा अन्य कोई मुद्दा नहीं है, पर कहा कि महंगाई व बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि वह कांग्रेस के समय व वर्तमान की खाद्यान्न व अन्य वस्तुओं के मूल्य की सूची को जारी करें। सरकार न तो कभी बेरोजगारी की कोई बात करती है और न ही महंगाई की। सरकारी नौकरियों में दूसरे राज्यों के लोगों को नियुक्त कर प्रदेश के बेरोजगारों के साथ एक बड़ा धोखा किया जा रहा है। राठौर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। नगर निकाय चुनाव से लेकर जिला परिषद, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में गैर शिक्षक कर्मचारी व अधिकारी व अन्य संगठनों के चुनाव में कांग्रेस समर्थित लोगों की जीत हुई है। महेंद्र सिंह के बयान पर चुप क्यों है भाजपा : विक्रमादित्य सिंह

शिमला ग्रामीण से विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर में कहा कि भाजपा के आइटी सेल ने जिस तरह से उनके बयान को पेश किया, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने बताया कि भाजपा इतनी ही आदर्शवादी पार्टी है तो महेंद्र सिंह के बयान को भी जनता के सामने लाना चाहिए था। उनके बयान पर भाजपा चुप क्यों है।

उन्होंने कहा कि भाजपा आज अपना वर्चस्व खो चुकी है और विधानसभा चुनाव हारने का डर अभी से ही सताने लगा है। इस कारण कांग्रेस को बदनाम करने के अलावा कोई रास्ता सूझ नहीं रहा है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्होंने प्रदेश के कर्मचारियों या शिक्षकों के लिए कुछ भी नहीं कहा है। कांग्रेस हमेशा प्रदेश के कर्मचारियों व शिक्षकों के साथ खड़ी रही है। आज तक जितने भी निर्णायक फैसले कर्मचारियों के पक्ष में लिए गए हैं, वे केवल कांग्रेस ने ही लिए हैं। आज भाजपा के पास मुद्दों की कमी है और इस प्रकार से बयानों को तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। प्रदेश की जनता को आज भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ लोग हैं जो भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं, ऐसे कर्मचारियों की संख्या दो या तीन फीसद है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक रखी थी। इसमें मंडी लोकसभा उपचुनाव पर चर्चा की गई है। उनका परिवार पार्टी के निर्णय के साथ है।

chat bot
आपका साथी