बारिश-बर्फबारी से फिर बढ़ी दुश्वारी

बुधवार रात से जारी बर्फबारी के कारण ठंड ने और विकराल रुप धारण कर लिया है। अभी तक प्रदेश में 540 सड़कें बंद है और सबसे अधिक सड़कें मंडी जोन में बंद हैं।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Feb 2019 07:21 PM (IST) Updated:Thu, 21 Feb 2019 07:25 PM (IST)
बारिश-बर्फबारी से फिर बढ़ी दुश्वारी
बारिश-बर्फबारी से फिर बढ़ी दुश्वारी

राज्य ब्यूरो, शिमला : प्रदेश में बुधवार रात से जारी बर्फबारी और बारिश की वजह से ठंड ने और विकराल रूप धारण कर लिया है। मौसम के कड़े तेवरों से हिमाचल में 540 सड़कें बंद पड़ी हैं। सबसे अधिक सड़कें मंडी जोन में यातायात के लिए ठप हैं। लाहुल-स्पीति में 28 मरीजों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की मांग की गई थी। मौसम के खराब होने से हेलीकॉप्टर की उड़ान ही नहीं हो पाई। ऐसे में मरीज अब भगवान के भरोसे ही हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी लोगों को राहत नहीं मिलेगी। हालांकि शनिवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन उसके बाद बुधवार तक ऐसे ही बर्फबारी और वर्षा के जारी रहने की संभावना है।

सबसे अधिक बर्फबारी केलंग में 32 सेंटीमीटर, शिमला के खदराला में 15 सेंटीमीटर, कल्पा में 14 और कुल्लू के कोठी में 10 सेंटीमीटर दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा कुल्लू के भुंतर में दर्ज की गई है। किन्नौर के निचार में दो मकान क्षतिग्रस्त होने के साथ दो गोशालाएं भी ढह गई। राष्ट्रीय राजमार्ग शिमला-किन्नौर में टिंकू नाले के पास ग्लेशियर आने से सड़क पूरी तरह से बंद हो गई है।

कुल्लू जिला में भारी बारिश से हुए भूस्खलन से 70 बस रूट बंद हैं। इन पर एचआरटीसी की 15 बसें फंसी हैं। सैंज में पागल नाले में बाढ़ से घरों व दुकानों में पानी घुसने से क्षति पहुंची है। जिले के शिक्षण संस्थान शुक्रवार को बंद रहेंगे। लाहुल-स्पीति में भारी बर्फबारी से हिमखंड गिरने का खतरा बढ़ गया है। बर्फबारी से रोहतांग सुरंग का कार्य धीमा हो गया है। मंडी जिला में भूस्खलन से मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग एक घंटा बंद रहा। जोगणी मोड़ के पास चट्टानों की चपेट में आने से निजी बस बाल-बाल बच गई। यात्रियों ने भागकर जान बचाई। चंबा के पांगी में आधा फीट और भरमौर में तीन इंच बर्फबारी हुई। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे गांव बत्ती हट्टी में भूस्खलन की चपेट में आने से तीन मंजिला मकान जमींदोज हो गया। परिवार शादी समारोह के लिए कांगड़ा गया था, जिससे जानी नुकसान नहीं हुआ।

325 नई मार्ग बंद, लोनिवि को 198 करोड़ का नुकसान

ताजा हिमपात और वर्षा से प्रदेश में 325 नई सड़कें बंद हो गई हैं। यातायात के लिए बाधित सड़कों की संख्या अब बढ़कर 540 हो गई है। सबसे ज्यादा 235 सड़कें मंडी जोन में बंद पड़ी हैं। शिमला जोन में 156, कांगड़ा में 147 सड़कें और दो राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हैं। इन सभी सड़कों में लोक निर्माण विभाग को 198 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। यातायात बहाल करने के लिए 285 मशीनरी तैनात की गई है। कहां, कितना तापमान

स्थान,न्यूनतम,अधिकतम

शिमला,4.2,12.1

सुंदरनगर,9.4,18.0

भुंतर,4.0,15.5

कल्पा,-2.4,6.8

ऊना,11.0,5.0

केलंग,-6.8,0.5

कुफरी,-0.6,5.2

chat bot
आपका साथी