अब घर पर दे सकेंगे टैक्स व कूड़े का बिल

शहर के लोगों को नगर निगम ने बड़ी राहत देने का फैसला किया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 08:26 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 08:26 PM (IST)
अब घर पर दे सकेंगे टैक्स व कूड़े का बिल
अब घर पर दे सकेंगे टैक्स व कूड़े का बिल

जागरण संवाददाता, शिमला : शहर के लोगों को नगर निगम ने बड़ी राहत देने का फैसला किया है। इसके तहत अब निगम के कर्मचारी जो घर में बिल देने आ रहे थे, उनके हाथ में शीघ्र ही कयोस्क मशीन थमा दी जाएगी। इससे भवन मालिक अपने घर का संपत्ति का टैक्स, कूड़े का बिल और निगम से जुड़े अन्य किसी भी तरह के भुगतान को घर पर ही कर सकेंगे। इसके लिए न ही उन्हें आनलाइन निगम की साइट पर जाना होगा और न ही निगम के कार्यालय के चक्कर लगाने होंगे।

शहर में 30 हजार भवन मालिकों को हर साल टैक्स के बिल जारी होते हैं। ये लोग अपने बिल आनलाइन या फिर निगम के कार्यालय में आकर कतारों में खड़े होकर जमा करवाते हैं। इसी तरह से हर महीने निगम प्रशासन की ओर से 50 हजार लोगों को कूड़े के बिल सैहब सोसायटी के माध्यम से जारी किए जाते हैं। हर महीने घरेलू से लेकर कामर्शियल बिल जारी किए जाते हैं, लेकिन समय पर निगम को लोग बिल जमा नहीं करवाते हैं। लोग देरी से जमा करवाते हैं कूड़े का बिल

टैक्स के बिल तो फिर लोग 10 फीसद छूट के चक्कर में जल्द जमा करवा देते हैं लेकिन कूड़े के बिल की राशि कम होने के कारण इसके लिए इंतजार करते हैं कि कुछ महीने का एकत्र होने के बाद ही जमा करवाएंगे। इससे निगम को कूड़े के बिल तीन से चार महीने के बाद ही एक घर से मिलते हैं। हर महीने बिल जमा न होने से वेतन का बढ़ता है संकट

हालांकि निगम को सैहब सोसायटी के कर्मचारियों के वेतन की राशि हर महीने देनी होती है। इससे वित्तीय भार लगातार ही बढ़ता जा रहा है। अब इस व्यवस्था में सुधार लाने के लिए निगम प्रशासन ने फैसला लिया है कि निजी बैंक की मदद से बिल के साथ ही कलेक्शन की व्यवस्था हो जाए। इस मसले पर दो बार बैठकें हो चुकी हैं। मंगलवार देर शाम भी निजी बैंक के अधिकारियों के साथ इस मसले पर बैठक हुई। इसमें उन्हें प्रस्तुति दी गई है कि किस तरह से निगम के कर्मचारी लोगों से बिल की अदायगी ले सकेंगे। इससे निगम को जल्द ही बिल की अदायगी होगी, वहीं लोगों को भी घर पर ही सुविधा मिल जाएगी।

आशीष कोहली, आयुक्त नगर निगम शिमला।

chat bot
आपका साथी