दो दिन में कालका से दक्षिण भारत पहुंचेगा हिमाचल का सेब

-रेलवे ने मालगाड़ियों की गति को किया दोगुना पहले सात दिन का लगता था समय रेल मंत्री -शिमला

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 08:02 PM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 08:02 PM (IST)
दो दिन में कालका से दक्षिण भारत पहुंचेगा हिमाचल का सेब
दो दिन में कालका से दक्षिण भारत पहुंचेगा हिमाचल का सेब

जागरण संवाददाता, शिमला : रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि हिमाचल का सेब दो दिन के भीतर दक्षिण भारत पहुंचेगा। कालका से चलने वाली मालगाड़ियों की स्पीड दोगुना बढ़ा दी है। जो सेब पहले छह से सात दिन में पहुंचता था, वह दो से दिन में पहुंच जाएगा। इससे बागवानों को बड़ा लाभ होगा। जल्द ही फसल के मंडी में पहुंचने पर बागवानों को बड़ी राहत मिलेगी। किसान रेल भी कालका से सेब के लिए जल्द चलाई जा रही है। वह शनिवार को शिमला के अनाडेल हेलीपैड पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। तीन दिन के हिमाचल दौरे पर पहुंचे रेल मंत्री पीयूष गोयल के साथ पत्नी सीमा गोयल भी हैं। अनाडेल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप और शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से पीयूष गोयल ने कहा कि मालगाड़ियों की गति को करीब-करीब दोगुना कर दिया है। हिमाचल को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।

बकौल पीयूष, किसान रेल भी कालका से चलाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेल को सुरक्षित व मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत हैं। रेलवे में वर्ष 2014 में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए 45 हजार करोड़ का निवेश होता था, इसे प्रधानमंत्री ने बढ़ाकर दो लाख करोड़ से ज्यादा कर दिया है। इससे सुरक्षा, सिग्नल सिस्टम को मजबूत करना, मानव रहित रेल क्रॉसिंग बनाने का काम किया जा रहा है। रेलवे को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हिमाचल में रेल और उद्योग से जुड़े जो मामले हैं, उन सभी पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ बैठक में चर्चा होगी।

--------

कालीबाड़ी मंदिर में नवाया शीश

रेल मंत्री ने काली बाड़ी मंदिर में परिवार के साथ माथा टेका। उन्होंने कहा कि दो साल पहले भी यहां आया था। अब फिर से मां का आशीर्वाद लेने के लिए शिमला आया हूं।

-----

पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी में बनेगी भाजपा की सरकार

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव पर उन्होंने कहा कि चुनाव सात या आठ चरणों में हो, इससे किसी को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। पुडुचेरी में भी भाजपा की सरकार बनेगी। केरल में भाजपा मजबूती से कदम बढ़ा रही है। आने वाले समय में वहां भी भाजपा की सरकार होगी।

-------

सरकार के साथ हैं किसान

पीयूष गोयल ने कहा कि किसान केंद्र सरकार के साथ हैं। कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। तीनों कृषि कानून किसानों के पक्ष में हैं। किसान को किसी भी सूरत में जेल में नहीं भेजा जा सकता है, ये प्रविधान भी इन कानूनों में किया है। ये कानून किसानों के खिलाफ कैसे हो सकते हैं।

-------------

रेलमंत्री ने पत्नी सहित टॉय ट्रेन की यात्रा का लिया आनंद शिमला : केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने शिमला दौरे के दौरान पत्नी सीमा गोयल के साथ शिमला से समरहिल तक हेरिटेज ट्रैक पर यात्रा का आनंद लिया। शिमला के रेलवे स्टेशन से शनिवार सायं 5.45 पर छह डब्बों वाली विशेष ट्रेन से अपनी यात्रा शुरू की। अंतिम डब्बे में दोनों ही बैठे। इस दौरान इन्होंने हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता को निहारा। शाम 6.25 पर ट्रेन के माध्यम से ही दोनों समरहिल स्टेशन से वापस पहुंचे। इसके बाद वह मुख्यमंत्री जयराम के साथ बैठक के लिए रवाना हो गए। वह तीन दिन के दौरे पर शनिवार को यहां पहुंचे हैं।

chat bot
आपका साथी